उत्तराखंडखेलदेश-विदेशबड़ी खबरशिक्षा

उत्तराखंड की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का शुभारंभ, नए निर्माण कार्यों का भी हुआ शिलान्यास

हल्द्वानी, 29 अगस्त, 26. राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के दिन उत्तराखंड के खिलाड़ियों को पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की बड़ी सौगात दी है. शनिवार 29 अगस्त को उत्तराखंड के पहले खेल विश्वविद्यालय (Uttarakhand’s first sports university) का शुभारंभ हो गया. शुभारंभ राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया. इस मौके पर राज्य की खेल मंत्री रेखा आर्या और सांसद अजय भट्ट भी मौजूद थे.

उत्तराखंड के पहले खेल विवि का शुभारंभ
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के औपचारिक उद्घाटन के साथ ही इसके प्रथम चरण के निर्माण कार्यों का शिलान्यास और भूमि पूजन भी किया. सीएम धामी ने कहा कि हमारे राज्य के पहले खेल विवि के शुभारंभ और पहले चरण के निर्माण कार्यों के भूमि पूजन और शिलान्यास की प्रदेश वासियों को बधाई और शुभकामनाएं.

खेल दिवस पर मेजर ध्यानचंद को याद किया
सीएम धामी ने इस मौके पर मेजर ध्यानचंद को उनकी जन्म जयंती पर याद किया. सीएम धामी ने मेजर ध्यानचंद से जुड़ी कई बातें अपने संबोधन में कही. सीएम ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने सभी को प्रेरणा दी कि- प्रतिभा जन्म से मिलती है, लेकिन महानता तब मिलती है जब हम परिश्रम करते हैं. सीएम धामी ने कहा कि विभिन्न खेल विधाओं को हाईटेक करने की दिशा में भी 23 नई हाईटेक खेल अकादमियों को स्थापित करने की दिशा में भी काम कर रहे हैं.

राज्य में खेलों की नई शुरुआत
आज खेल दिवस पर उत्तराखंड में खेलों की नई शुरुआत हो रही है. आज उत्तराखंड खेल विवि के शुभारंभ के साथ इसके पहले शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ हो रहा है. अब हमारे प्रदेश के युवाओं को हमारे राज्य में खेल के लिए उच्च कोटि की सुविधाएं मिलेंगी. अब हमारा उत्तराखंड, देवभूमि और वीर भूमि के साथ-साथ खेल भूमि के रूप में चमकने को तैयार है. सीएम ने उम्मीद जताई कि राज्य का पहला खेल विवि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की नई पीढ़ी तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. सीएम धामी ने इस मौके पर खेल के क्षेत्र में राज्य और देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया.

सीएम धामी ने कहा कि-खिलाड़ियों से ये कहना चाहता हूं कि मैदान में उतरिए, पसीना बहाइए और अपना शत-प्रतिशत देने के लिए परिक्षम को पराकाष्ठा तक ले जाने का काम करिए. आपको सफलता शीर्ष पर ले जाएगी. आपकी राह में आर्थिक संकट को आड़े नहीं आने दिया जाएगा. खिलाड़ी फिट उत्तराखंड और फिट इंडिया में अपना योगदान देंगे.
-पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड

Related Articles

Back to top button