उत्तराखंडयूथ कार्नरशिक्षासामाजिक

पौड़ी जिले में कक्षा 2, 5 और 8 की दक्षता आधारित आकलन परीक्षा 7 सितंबर को

पौड़ी, 2 सितंबर, 26. जनपद में कक्षा 2, 5 एवं 8 के विद्यार्थियों की दक्षता आधारित आकलन परीक्षा की तैयारियों को लेकर बुधवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), चड़ीगांव में बैठक आयोजित की गई। मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेश सयाना की अध्यक्षता में हुई बैठक में परीक्षा के पारदर्शी एवं प्रभावी संचालन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति पर चर्चा
मुख्य शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन समितियों और अभिभावकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ ही प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को आकलन परीक्षा की जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने दूरस्थ क्षेत्रों में मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में प्रश्नपत्रों की उपलब्धता प्रभावित न हो, इसके लिए ऑनलाइन वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखने को कहा। आकलन दिवस पर शिक्षकों और विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

सभी सरकारी, अशासकीय एवं मान्यता प्राप्त स्कूलों की होगी परीक्षा
उन्होंने अधिकारियों, बीआरपी, सीआरपी और डायट मेंटर्स को अपने-अपने क्षेत्रों में परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी करने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा। जनपद के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में 7 सितंबर को कक्षा 2, 5 एवं 8 की दक्षता आधारित आकलन परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों की शैक्षिक दक्षताओं के साथ उनकी समझ, अनुप्रयोग और उच्च स्तरीय चिंतन कौशल का मूल्यांकन किया जाएगा।

कक्षा 2 में हिंदी एवं गणित, कक्षा 5 में हिंदी, गणित एवं हमारे आसपास तथा कक्षा 8 में हिंदी, गणित, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान विषयों का बहुविकल्पीय प्रश्नों के माध्यम से आकलन होगा। प्रश्नपत्र विषय विशेषज्ञ समूहों द्वारा तैयार किए जाएंगे और खंड शिक्षा अधिकारी एवं उप शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से बीआरपी-सीआरपी के सहयोग से विद्यालयों तक पहुंचाए जाएंगे।
स्वराज सिंह तोमर, प्राचार्य, डायट

आकलन के बाद विद्यार्थियों की प्रगति का विश्लेषण कर उनकी शैक्षिक आवश्यकताओं के अनुसार उपचारात्मक शिक्षण कराया जाएगा। इसके बाद 28 सितंबर को पुनः दक्षता आधारित आकलन किया जाएगा। यह प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से 25 दिसंबर तक संचालित होगी। वर्ष 2027 में प्रस्तावित राष्ट्रीय सर्वेक्षण की तैयारियों को मजबूत करना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है।

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) अंशुल बिष्ट, भारत भूषण परमार, शिव कुमार भारद्वाज सहित सभी खंड शिक्षा अधिकारी, बीआरपी, सीआरपी एवं डायट मेंटर्स उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button