खेलदेश-विदेशमनोरंजनयूथ कार्नर

अभिषेक शर्मा ने मचाया गदर, 30 गेंद में शतक जड़कर रोहित शर्मा का रिकार्ड तोड़ा

स्पोर्ट्स डेस्क। अभिषेक शर्मा टी20 क्रिकेट में सबसे तेज शतक जड़ने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. अफगानिस्तान के खिलाफ वह एक साथ कई रिकॉर्ड बनाने में सफल रहे. इस तूफानी पारी से ज्यादा चर्चा अभिषेक के जश्न मनाने के तरीके की हो रही है. सोशल मीडिया पर फैन्स कह रहे हैं कि अभिषेक की पारी जितनी आक्रामक और गर्म थी, उनका जश्न उतना ही शांत और कूल था.

अभिषेक ने चौके-छक्कों की लगाई झड़ी
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में गुरुवार को ऐसा तूफान आया, जिसने अफगानिस्तान के गेंदबाजों के पसीने छुड़ा दिए. टीम इंडिया के युवा ओपनर अभिषेक शर्मा ने टी20 क्रिकेट में इतिहास रच दिया है. उन्होंने अपने बल्ले से गजब की तबाही मचाई. अभिषेक शर्मा ने मैदान पर आते ही छक्कों-चौकों की झड़ी लगा दी और महज 30 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया.

हिट मैन रोहित शर्मा का रिकार्ड ध्वस्त

इसी के साथ उन्होंने ‘हिटमैन’ रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. अब अभिषेक टी-20 इंटरनेशनल में भारत की तरफ से सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इससे पहले यह रिकॉर्ड रोहित (35 गेंद) के नाम था, जो उन्होंने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ बनाया था. अभिषेक ने 34 गेंदों का सामना करते हुए कुल 108 रनों की विस्फोटक पारी खेली. इस दौरान उनके बल्ले से 9 शानदार चौके और 11 गगनचुंबी छक्के निकले. उन्होंने अपनी फिफ्टी भी सिर्फ 16 गेंदों में ही पूरी कर ली थी.

वायरल हुआ ‘ओम नमः शिवाय’ वाला जश्न
जैसे ही उनका शतक पूरा हुआ, वो मैदान पर ही पालथी मारकर बैठ गए और हाथों को जोड़कर ध्यान (योग) की मुद्रा में आ गए. उनका यह ‘ओम नमः शिवाय’ वाला अंदाज फैन्स का दिल जीत रहा है. मैदान पर इतनी आक्रामक बल्लेबाजी के बाद ऐसा शांत और भक्ति भाव वाला जश्न देखकर हर कोई हैरान रह गया.

संजू सैमसन ने भी दिया शानदार साथ
अभिषेक की पारी का अंत तब हुआ जब वो राशिद खान की गेंद पर रहमानुल्लाह गुरबाज को कैच दे बैठे. लेकिन आउट होने से पहले वो अपना काम कर चुके थे. उनकी इस धाकड़ पारी के दम पर भारत ने सिर्फ 9.5 ओवर में ही 142 रन ठोक डाले. दूसरे छोर पर संजू सैमसन ने भी बहती गंगा में हाथ धोए और 35 गेंदों में 50 रनों की एक बेहतरीन और तेज पारी खेली.

एक साथ बनाए कई धांसू रिकॉर्ड
किसी भी ‘टेस्ट खेलने वाले देश’ के खिलाफ किसी बल्लेबाज द्वारा लगाया गया यह सबसे तेज शतक है. यह किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा टी20 में लगाया गया सबसे तेज शतक है. टी20 इतिहास में अभिषेक अकेले ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने 30 या उससे कम गेंदों के भीतर दो शतक जड़े हैं.

अभिषेक शर्मा ने पुरुषों के टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के पावरप्ले यानी पहले 6 ओवरों में इतिहास रच दिया है. साल 2026 में दिल्ली में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए मुकाबले में अभिषेक ने पावरप्ले के दौरान महज 22 गेंदों पर 76 रनों की तूफानी पारी खेली.

इस विस्फोटक बल्लेबाजी के साथ ही उन्होंने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के पहले 6 ओवरों में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. अभिषेक ने पुर्तगाल के कुलदीप घोलिया और ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड जैसे धुरंधरों को पीछे छोड़ दिया है.

अभिषेक से पहले यह रिकॉर्ड कुलदीप घोलिया के नाम दर्ज था, जिन्होंने साल 2023 में जिब्राल्टर में माल्टा के खिलाफ पावरप्ले में 25 गेंदों पर नाबाद 74 रन बनाए थे. वहीं, ऑस्ट्रेलियाई ओपनर ट्रैविस हेड इस सूची में तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं. हेड ने 2024 में एडिनबर्ग में स्कॉटलैंड के खिलाफ कहर बरपाते हुए शुरुआती 6 ओवरों में 22 गेंदों पर नाबाद 73 रन ठोके थे.

अभिषेक शर्मा ने इस सीरीज के पहले मुकाबले में भी अपनी बल्लेबाजी से फैन्स का ध्यान खींचने का काम किया था. सीरीज में लगातार रन बनाने का फायदा अभिषेक शर्मा को आईसीसी रैंकिंग में भी मिली. वह टी20 आईसीसी रैंकिंग में अब दूसरे स्थान पर आ चुके हैं.

Related Articles

Back to top button