हरकी पैड़ी में तीर्थ पुरोहित और यजमानों के बीच विवाद, पार्षद से भी हाथापाई, 8 लोग हिरासत में

हरिद्वार, 1 नवम्बर, 26. हरकी पैड़ी क्षेत्र में तीर्थ पुरोहितों और यजमानों के बीच हुआ विवाद हो गया. पुरोहित मोड़ के पास किसी बात को लेकर तीर्थ पुरोहितों और यजमानों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट और हंगामे में बदल गई. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची हरकी पैड़ी चौकी पुलिस दोनों पक्षों को चौकी ले आई. विवाद शांत कराने पहुंचे नगर निगम के वार्ड आठ के पार्षद हिमांशु गुप्ता के साथ भी हाथापाई हो गई. मामले में पुलिस ने आठ लोगों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ शांतिभंग की धाराओं में कार्रवाई की है.
जानकारी के अनुसार, हरकी पैड़ी क्षेत्र के पुरोहित मोड़ के पास तीर्थ पुरोहितों और यजमानों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया. दोनों पक्षों के लोग एक दूसरे के सामने आ गए. सार्वजनिक स्थान पर हंगामा और मारपीट की सूचना मिलने पर हरकी पैड़ी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची.
पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ने की आशंका को देखते हुए उन्हें चौकी ले आई, ताकि बातचीत के माध्यम से मामला शांत कराया जा सके. इसी दौरान नगर निगम के वार्ड आठ के पार्षद हिमांशु गुप्ता भी दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने के लिए चौकी पहुंचे थे. समझौते को लेकर चल रही बातचीत के दौरान विवाद फिर बढ़ गया. कुछ लोगों ने पार्षद के साथ भी मारपीट कर दी.घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता हरकी पैड़ी चौकी पहुंच गए थे.
बीती देर रात तक चौकी के बाहर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा रहा. कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग ने भी पार्षद के साथ चौकी के भीतर मारपीट होने की बात कही थी. वहीं, पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को हिरासत में लिया. नगर कोतवाली प्रभारी कुन्दन सिंह राणा ने बताया एक नवंबर को हरकी पैड़ी चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे. इसी दौरान पुरोहित मोड़ के पास कुछ व्यक्तियों के बीच लड़ाई झगड़े और गाली गलौज की सूचना मिली. आठ आरोपियों को हिरासत में लेकर सभी का शांतिभंग में चालान कर दिया.



