उत्तराखंडक्राइमसामाजिक

स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था देह व्यापार का धंधा, पुलिस ने किया भंडाफोड़, महिला गिरफ्तार

देहरादून, 14 नवम्बर, 26. राजधानी देहरादून में स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का धंधा चल रहा था, जिसका आज शनिवार 14 नवंबर को पुलिस ने भंडाफोड़ किया. इस मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार भी किया है. फिलहाल पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में सहस्त्रधारा रोड स्थित सनराइज स्पा सेंटर में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और रायपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की. छापेमारी के दौरान पुलिस और AHTU की टीम ने स्पा संचालिका को गिरफ्तार किया है..

पुलिस का कहना है कि स्पा सेंटर में स्पेशल सर्विस के नाम पर ग्राहकों को अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा था. पुलिस ने छापेमारी कर आपत्तिजनक सामग्री और 3740 रुपए बरामद किए. पुलिस के मुताबिक एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में शामिल आरोपियों को चिन्हित करते हुए उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.

निर्देशों के क्रम में जनपद के सभी थाना क्षेत्रो में दून पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाते हुए अवैध गतिविधियों में शामिल आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है, जिसके तहत 13 नवंबर को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना रायपुर क्षेत्र में एक स्कूल के पास स्थित सनराइज स्पा सेंटर में अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा है.

सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर औचक छापेमारी की. इस दौरान स्पा सेंटर के एक कमरे में एक महिला और एक पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले. पुलिस को मौके से आपत्तिजनक सामग्री के साथ देह व्यापार से कमाए गए 3,740 रुपये नकद भी बरामद हुए.

जांच में सामने आया कि स्पा सेंटर संचालिका ग्राहकों को स्पेशल सर्विस देने के नाम पर अनैतिक देह व्यापार का धंधा संचालित कर रही थी. पुलिस ने मौके से संचालिका को गिरफ्तार कर लिया. थाना रायपुर प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि एसएसपी के निर्देशन पर क्षेत्र में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत पुलिस टीम को सूचना मिलने के बाद कार्रवाई की गई है. आरोपी महिला के खिलाफ थाना रायपुर में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 3/4/5/7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।साथ ही पुलिस मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है.

Related Articles

Back to top button