उत्तराखंडदेश-विदेशमनोरंजनयूथ कार्नर

देहरादून के परेड ग्राउंड में आदि गौरव महोत्सव में किशन महिपाल, सौरभ मैठाणी के लोकगीतों पर झूमे दर्शक

देहरादून, 16 नवम्बर, 26. परेड ग्राउंड में आयोजित चार दिवसीय आदि गौरव महोत्सव के दूसरे दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और विरासत के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि जनजातीय समाज का देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समुदायों के कल्याण और विकास के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उत्तराखंड के सात जिलों के 128 जनजाति बहुल गांव प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान के तहत चयनित किए गए हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के साथ अपनी सांस्कृतिक पहचान बनाए रखने का आह्वान किया।

विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने दी सांस्कृतिक प्रस्ततियां
महोत्सव में असम, ओडिशा, सिक्किम, गुजरात, झारखंड, हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों के जनजातीय कलाकारों ने पारंपरिक लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। जौनसारी, थारू, भोटिया, बुक्सा और राजी समुदायों की प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण रहीं। वहीं, प्रदर्शनी में हस्तशिल्प, पारंपरिक परिधान, स्थानीय उत्पाद और जैविक खाद्य सामग्री लोगों के आकर्षण का केंद्र बने।

शाम को उत्तराखंड के लोक गायकों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। किशन महिपाल ने ‘जय बद्री विशाल’, ‘घुघुती’ और ‘भानु मेरी’ जैसे गीतों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। वहीं अज्जू तोमर ने ‘हो सुषमा’, ‘चस्का’ और ‘नूरी बंथनी’ तथा सौरभ मैठाणी ने ‘मां ऊंचा पहाड़ों मां’ और ‘जय हो कुमाऊं, जय हो गढ़वाल’ जैसे लोकप्रिय गीत प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।महोत्सव में देशभर के जनजातीय समुदायों की भागीदारी इसे राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान कर रही है। आयोजन 18 नवंबर तक चलेगा।

आम जनता के लिए प्रवेश निःशुल्क है। महोत्सव प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक खुला रहेगा, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रम शाम 6 से रात 10 बजे तक आयोजित होंगे।

Related Articles

Back to top button