आज ट्रैफिक प्लान देखकर ही घर से निकलें दूनवासी, प्रकाश पर्व की शोभायात्रा पर रूट रहेगा डायवर्ट

देहरादून, 20 नवम्बर, 26. आज यानी 21 नवंबर को प्रकाश पर्व 2026 के अवसर पर देहरादून में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी. जिसको लेकर ट्रैफिक पुलिस ने रूट प्लान जारी कर दिया है. शोभायात्रा दोपहर 1 बजे से शाम 7:30 बजे तक निकाली जाएगी. इस दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्ट रहेगा.
जानकारी के मुताबिक, प्रकाश पर्व पर शोभायात्रा पटेलनगर स्थित गुरुद्वारा से शुरू होकर सहारनपुर चौक, लक्खीबाग पुलिस चौकी, दर्शनी गेट, धामावाला, पलटन बाजार, दर्शन लाल चौक, बुद्धा चौक और सुभाष रोड होते हुए गुरुद्वारा श्री नानक निवास पहुंचेगी, जहां पर इसका समापन होगा.
यातायात पुलिस की मानें तो शोभायात्रा सड़क के बाईं ओर संचालित होगी. जबकि, दाईं ओर से यातायात चलाया जाएगा. जरूरत पड़ने पर पटेलनगर मंडी, लाल पुल, बल्लीवाला और सहारनपुर चौक से यातायात को जीएमएस रोड के रास्ते घंटाघर की ओर डायवर्ट किया जाएगा. शोभायात्रा के घंटाघर से दर्शनलाल चौक पहुंचने पर चकराता रोड से आने वाले वाहनों को ओरिएंट चौक की ओर भेजा जाएगा.
वहीं, दर्शन लाल चौक और बुद्धा चौक के आसपास भी यातायात की स्थिति के अनुसार रूट डायवर्ट किए जाएंगे. सुभाष रोड पर शोभायात्रा के पहुंचने पर यातायात रोक-रोककर संचालित किया जाएगा. सीएमआई और रेसकोर्स चौक से एमकेपी चौक की ओर यातायात नहीं भेजा जाएगा.
आठ स्थानों पर बनाए गए बैरियर प्वाइंट
यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पटेलनगर मंडी, बल्लीवाला चौक, लालपुल तिराहा, घंटाघर, बुद्धा चौक, लैंसडाउन चौक, सीएमआई तिराहा और एमकेपी चौक पर बैरियर प्वाइंट बनाए गए हैं. जहां पर वाहनों को शोभायात्रा वाले रूट पर जाने से रोका जाएगा.
पुलिस की वाहन चालकों से अपील
यातायात पुलिस ने दूनवासियों से शोभायात्रा मार्ग का यथासंभव इस्तेमाल नहीं करने और निर्धारित डायवर्जन रूट अपनाने की अपील की है. लोगों को निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है.
पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर क्रेन से टोइंग की जाएगी, जिसके लिए 1500 रुपए का जुर्माना निर्धारित है. इसके अलावा सार्वजनिक मार्गों और चौराहों पर वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई भी की जाएगी.
पुलिस की ओर से लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की अपील की जा रहा है. साथ ही सहारनपुर रोड, गांधी रोड, घंटाघर, बुद्धा चौक और सुभाष रोड का कम से कम इस्तेमाल करने को कहा गया है. हालांकि, एंबुलेंस, पुलिस और फायर सर्विस जैसी आवश्यक सेवाओं को किसी प्रकार से नहीं रोका जाएगा.
-जया बलूनी, एसपी ट्रैफिक, देहरादून



