खेलदेश-विदेशबड़ी खबरमनोरंजनयूथ कार्नरशिक्षासामाजिक

क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर से मिले फुटबॉल के ‘गॉड’ लियोनेल मेसी, गिफ्ट की जर्सी

Listen to this article

नई दिल्ली, 14 दिसम्बर। GOAT टूर 2025 के तहत भारत दौरे पर आए दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी का रविवार को मुंबई में भव्य स्वागत हुआ. इस दौरान फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी मेसी ने क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर से भी मुलाकात की. सचिन ने मेसी को अपनी जर्सी गिफ्ट की. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुए इस कार्यक्रम में हजारों फैन्स पहुंचे. मरीन ड्राइव पर इस दौरान तीन किलोमीटर तक फैन्स का हुजूम देखने को मिला. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मौके पर ‘प्रोजेक्ट महादेवा’ की भी घोषणा की, जिसका उद्देश्य राज्य भर में युवा फुटबॉल खिलाड़ियों की पहचान करना और उन्हें विकसित करना है। पूरे कार्यक्रम के दौरान स्टेडियम में मौजूद दर्शकों की भीड़ ‘मेस्सी… मेस्सी’ के नारे लगाती रही। यह स्टेडियम भारत की 2011 क्रिकेट विश्व कप जीत का भी गवाह रहा था।

अर्जेंटीना की जर्सी में दिखे फैन्स
ज्यादातर फैंस अर्जेंटीना की मशहूर नीली-सफेद जर्सी पहने नजर आए, जबकि कई अन्य समर्थक बार्सिलोना की जर्सी में दिखे. इस बीच एक पोस्टर ने सोशल मीडिया पर खास ध्यान खींचा. कुछ फैंस मेसी के नाम का एक बड़ा नकली आधार कार्ड लेकर पहुंचे थे, जिसमें उनका नाम, जन्मतिथि और अन्य व्यक्तिगत जानकारियां दर्ज थीं.

सचिन से मेसी ने की मुलाकात
वानखेड़े स्टेडियम में जैसे ही मेसी पहुंचे, पूरा स्टेडियम “मेसी-मेसी” के नारों से गूंज उठा. फैंस की खुशी तब और बढ़ गई जब महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर भी कार्यक्रम में शामिल हुए और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ बैठे नजर आए. तेंदुलकर के पहुंचने के कुछ ही देर बाद अर्जेंटीना के महान खिलाड़ी मेस्सी अपने इंटर मियामी टीम के साथियों लुइस सुआरेज और रोड्रिगो डि पॉल के साथ मैदान पर उतरे। शायद पहली बार ऐसा हुआ जब वानखेड़े पर ‘सचिन…सचिन’ के बजाय ‘मेस्सी…मेस्सी’ के नारों की आवाज तेज थी। अनगिनत दफा वानखेड़े पर ‘सचिन… सचिन’ के नारे गूंजे हैं और यहां तक ​​कि उस समय भी जब यह क्रिकेट आइकन स्टेडियम मौजूद भी नहीं होता। लेकिन जब शाम को जब महान बल्लेबाज को मेस्सी के साथ मंच सांझा करने के लिए बुलाया गया तो फिर से ‘सचिन… सचिन’ के नारों की आवाज तेज हो गई।

सुनील छेत्री ने प्रदर्शनी मैच का नेतृत्व किया
मेसी के पहुंचने से पहले वानखेड़े स्टेडियम में एक प्रदर्शनी मैच आयोजित किया गया, जिसमें कई नामचीन हस्तियां मौजूद थीं. भारतीय फुटबॉल के दिग्गज सुनील छेत्री, बेंगलुरु एफसी के मालिक पार्थ जिंदल और बॉलीवुड अभिनेता जिम सर्भ भी कार्यक्रम में शामिल हुए. भारत के लिए 94 गोल करने वाले छेत्री के लिए भी दर्शकों ने ‘छेत्री… छेत्री’ नारे लगाए। रविवार शाम को महाराष्ट्र के युवा फुटबॉल खिलाड़ियों को खोजने के लिए ‘टैलेंट हंट’ कार्यक्रम शुरु किया गया। मुख्यमंत्री फडणवीस ने भी तीनों मेहमानों का गुलदस्ते देकर स्वागत किया और मेस्सी को एक यादगार तोहफ़ा दिया। ऐसा अक्सर नहीं होता कि मेस्सी जैसे फुटबॉल आइकन भारत की यात्रा करें और सार्वजनिक कार्यक्रमों में हिस्सा लें।

मुंबई के बाद मेसी सोमवार को दिल्ली पहुंचेंगे, जहां वो पीएम मोदी के साथ मुलाकात करेंगे. इसी के साथ मेसी के तीन दिवसीय भारत यात्रा का समापन होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button