विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूड़ी ने कण्वघाटी कोटद्वार में केंद्रीय विद्यालय का शुभारंभ किया

कोटद्वार, 25 जुलाई। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूड़ी ने कोटद्वार में केंद्रीय विद्यालय का विधिवत शुभारंभ किया। शिक्षा के क्षेत्र में कोटद्वार नेे नया इतिहास रचते हुए केंद्रीय विद्यालय की विधिवत शुरुआत कर दी गई। कण्वघाटी स्थित इस विद्यालय का उद्घाटन उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कोटद्वार के लोगों के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि
विस अध्यक्ष ने कहा कि कोटद्वार में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से न केवल स्थानीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त होगी, बल्कि इससे क्षेत्र में रोजगार और विकास के नए रास्ते भी खुलेंगे। उन्होंने इसे कोटद्वार के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने बताया कि गत वर्ष स्वीकृत 85 केंद्रीय विद्यालयों में से कोटद्वार का विद्यालय अब संचालन में आ चुका है।
एक पेड़ मां के अभियान के तहत हुई कार्यक्रम की शुरुआत
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी का आभार जताया। कहा कि कोटद्वार में गढ़वाल राइफल्स का मुख्य प्रशिक्षण केंद्र होने के कारण सैनिकों और पूर्व सैनिकों की संख्या काफी अधिक है और यहां पिछले दो दशकों से केंद्रीय विद्यालय की मांग की जा रही थी। इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया और बच्चों व अभिभावकों से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। देश विदेश की ताजा खबरों के लिए देखते रहिये https://sarthakpahal.com/
कार्यक्रम में केंद्रीयविद्यालय की प्रधानाचार्य मनीषा मखीजा ने विद्यालय स्थापना में अहम भूमिका निभाने के लिए विधानसभा अध्यक्ष का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन प्रियंका तिवारी ने किया।