
पौड़ी, 6 मई। जनगणना 2026 के प्रथम चरण को समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से पूर्ण करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए 20 मई तक मकान सूचीकरण कार्य हर हाल में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया।
मकान गणना और सूचीकरण कार्यों की डीएम ने की समीक्षा
बैठक में जनपद की सभी तहसीलों और नगर निकायों में चल रहे मकान गणना एवं सूचीकरण कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि हालांकि जनगणना का प्रथम चरण 25 अप्रैल से 24 मई तक निर्धारित है, लेकिन समय से पूर्व कार्य पूर्ण कर लेने से डेटा की जांच और तकनीकी सुधार के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा। उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने अधीन प्रगणकों और सुपरवाइजरों के लिए प्रतिदिन का लक्ष्य तय करें और उसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। साथ ही फील्ड स्तर पर कार्यों की गुणवत्ता और गति दोनों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
मोबाइल एप पर सारा डेटा अपलोड करने के निर्देश
प्रशासनिक निगरानी को मजबूत बनाने के लिए जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों (एसडीएम) को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रतिदिन समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी कार्य में बाधा आए, उसका तत्काल समाधान किया जाए और पिछड़ रहे क्षेत्रों में तेजी लाई जाए। डिजिटलीकरण पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनगणना से संबंधित डेटा उसी दिन मोबाइल ऐप पर अपलोड किया जाए, ताकि रियल-टाइम मॉनिटरिंग संभव हो सके। तकनीकी स्टाफ को भी ऐप संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सक्रिय रहने को कहा गया। http://देश विदेश की ताजा खबरों के लिए देखते रहिये https://sarthakpahal.com/
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, प्रभारी अपर जिलाधिकारी/संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी हेमंत काला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



