
पौड़ी, 28 मई। जनपद पौड़ी गढ़वाल जिले में राशन कार्डों के सत्यापन अभियान के तहत खाद्य विभाग ने राशन कार्ड सत्यापन को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत जिलेभर में अपात्र राशन कार्डों के खिलाफ व्यापक स्तर पर छंटनी की कार्रवाई चल रही है।
7254 कार्ड निरस्त तथा 28087 यूनिट हटाई गयीं
जिला प्रशासन और खाद्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई में जिले भर में बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 7,254 राशन कार्ड निरस्त किये जा चुके हैं। इन निरस्त कार्डों से संबंधित 28,087 यूनिट भी हटाई गई हैं।
जिलाधिकारी के निर्देश पर हो रही है कार्रवाई
यह पूरा अभियान पौड़ी गढ़वाल की जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के कड़े दिशा-निर्देशन और निगरानी में लगातार चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य वास्तविक जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
ई-केवाईसी से मिली मदद
हाल ही में शासन के निर्देश पर राशन कार्डधारकों और उनके परिवार के प्रत्येक सदस्य के लिए शत-प्रतिशत ई-केवाईसी अनिवार्य की गयी थी। मेरा केवाईसी ऐप और उचित दर की दुकानों (फेयर प्राइस शाप्स) के माध्यम से चल रहे इस डिजिटल वेरिफिकेश से अपात्रों और फर्जी यूनिट्स को पकड़ने में प्रशासन को बड़ी कामयाबी मिल रही है।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि फरवरी 2026 तक चले अभियान में 6,151 राशन कार्ड निरस्त किए गए थे, जिनमें 23,337 यूनिट शामिल थीं। वहीं 28 अप्रैल 2026 से शुरू किए गए नवीन सर्वे में अब तक 1,103 अतिरिक्त राशन कार्ड निरस्त किए जा चुके हैं, जिनसे संबंधित 4,750 यूनिट हटाई गई हैं।
कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में भी बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई है। यहां फरवरी 2026 तक 2,390 राशन कार्ड निरस्त किए गए थे, जिनमें 10,667 यूनिट शामिल थीं। नवीन सर्वे के दौरान 576 और राशन कार्ड निरस्त किए गए, जिनसे संबंधित 2,530 यूनिट हटाई गईं। इस प्रकार कोटद्वार क्षेत्र में कुल 2,966 राशन कार्ड तथा 13,197 यूनिट निरस्त हो चुकी हैं।
पात्र लाभार्थियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपदभर में अंत्योदय अन्न योजना के 559 कार्ड, प्राथमिक परिवार योजना के 3,814 कार्ड तथा राज्य खाद्य योजना के 2,881 कार्ड निरस्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा और अपात्र व्यक्तियों को योजना से बाहर कर पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि राशन कार्ड से संबंधित जानकारी सही रखें तथा सत्यापन कार्य में विभाग का सहयोग करें, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंच सके।
इस कार्रवाई के बाद जिला पूर्ति विभाग द्वारा लगातार उन लोगों से भी कार्ड सरेंडर करने की अपील की जा रही है, जो आर्थिक रूप से संपन्न हैं या निर्धारित मानकों के तहत अपात्र की श्रेणी में आते हैं।



