
सहारनपुर, 26 जून। थाना रामपुर मनिहारान देहरादून–पंचकूला हाईवे पर शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने एक ही परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया. हादसे में दो कारों की टक्कर से कार में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में एक ही परिवार की दो महिलाओं, एक मासूम बच्चे और एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि तीन घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
पति-पत्नी समेत एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत
जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के जिला सोनीपत के बहादुरगढ़ निवासी चरण सिंह अपने परिवार के साथ कार से हरिद्वार जा रहे थे. सहारनपुर के थाना रामपुर मनिहारान इलाके के गांव हलगोया के पास शुक्रवार को एक कार से उनकी टाटा टियागो कार की टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार हाईवे पर पलटें खाती हुई दूर चली गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. कार में बैठे सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. गांव मंडोरा के 78 वर्षीय चरण सिंह का परिवार वर्तमान में बहादुरगढ़ के सेक्टर-6 में रहकर ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करता है। उनके बेटे जयदेव और भतीजे प्रवीन भी इसी कारोबार से जुड़े हुए हैं। बताया जा रहा है कि जयदेव अपनी पत्नी प्रीति, बेटी भूमि, बेटे शिवांश और मां सुदेश के साथ हरिद्वार गंगा स्नान को जा रहे थे।
घटनास्थल से जिला अस्पताल तक मची चीख पुकार
हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई. राहगीरों और आसपास के लोगों ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. किसी ने एंबुलेंस को सूचना दी तो किसी ने घायलों को कार से बाहर निकालने में मदद की. कुछ ही देर में पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई. सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने चरण सिंह की पत्नी सुदेश, पुत्रवधू प्रीति, पोते शिवांश और एक बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया.
एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से माहौल गमगीन
हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत की खबर सुनते ही अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया. हादसे में घायल प्रवीण, सहदेव और एक अन्य व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें लगातार चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है. घटना की सूचना मिलते ही थाना रामपुर मनिहारान पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर हाईवे पर यातायात सामान्य कराया. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. टक्कर मारने वाले वाहन चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रारंभिक जांच के अनुसार हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना मानी जा रही है. हालांकि पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है. यदि चालक की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
व्योम बिंदल, एसपी सिटी



