केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल कर रहे सोनम वांगचुक समेत अन्य छात्रों की भी हालत खराब

नई दिल्ली, 30 जून। शिक्षा व्यवस्था में बदलाव और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का धरना-प्रदर्शन बुधवार को 12वें दिन भी जारी है. वहीं, आंदोलन के समर्थन में बैठे सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल चौथे दिन में प्रवेश कर गई है. इस बीच उनके स्वास्थ्य को लेकर जारी मेडिकल अपडेट ने चिंता बढ़ा दी है.
मेडिकल अपडेट ने बढ़ाई चिंता
कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा साझा किए गए मेडिकल अपडेट में बताया गया है कि भूख हड़ताल के दौरान सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य में लगातार बदलाव देखने को मिल रहे हैं. अब तक उनका लगभग 2 किलो वजन कम हो चुका है. साथ ही उनका रक्तचाप भी लगातार नीचे जा रहा है, जिसे डॉक्टर मॉनिटर कर रहे हैं. मेडिकल टीम समय-समय पर उनका ब्लड प्रेशर, ऑक्सीजन लेवल, शुगर और अन्य जरूरी स्वास्थ्य जांच कर रही है.
डॉक्टरों की निगरानी में हैं सोनम वांगचुक
मेडिकल टीम लगातार सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है. डॉक्टर नियमित अंतराल पर उनकी जांच कर रहे हैं और स्वास्थ्य संबंधी सभी जरूरी मापदंडों पर नजर बनाए हुए हैं. पार्टी का कहना है कि मेडिकल अपडेट समय-समय पर सार्वजनिक किया जाएगा जिससे लोगों को उनकी स्थिति की सही जानकारी मिलती रहे.
जंतर-मंतर पर जारी है आंदोलन
जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का धरना लगातार जारी है. प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ता सरकार से आंदोलन की मांगों पर फैसला लेने की अपील कर रहे हैं. मंच से लगातार संबोधन किए जा रहे हैं और लोगों से आंदोलन में शामिल होकर समर्थन देने की अपील की जा रही है. प्रदर्शन स्थल पर देश के अलग-अलग हिस्सों से आए समर्थक भी मौजूद हैं. कॉकरोच जनता पार्टी ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर सरकार की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक जंतर-मंतर पर धरना और आंदोलन जारी रहेगा. पार्टी नेताओं का कहना है कि यह आंदोलन शिक्षा, पर्यावरण और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर किया जा रहा है. वहीं, सोनम वांगचुक की गिरती सेहत के बावजूद उनके समर्थकों का कहना है कि वह शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाते रहेंगे.
जंतर-मंतर पर अनशनकारियों की बिगड़ती सेहत
कॉकरोच जनता पार्टी के धरना-प्रदर्शन के दौरान भूख हड़ताल पर बैठे कई अनशनकारियों की तबीयत लगातार बिगड़ रही है. पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि कई लोगों का स्वास्थ्य चिंताजनक होता जा रहा है, लेकिन अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से डटे हुए हैं. उन्होंने कहा कि सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है. यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो अनशनकारियों की सेहत पर और गंभीर असर पड़ सकता है.
पिछले 7 दिन से भूख हड़ताल कर रहे अनीश की तबीयत बिगड़ी
पिछले सात दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे अनीश की तबीयत लगातार बिगड़ने की भी बात सामने आई है. अभिजीत दीपके ने कहा कि अनीश की स्वास्थ्य स्थिति चिंताजनक होती जा रही है. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “आखिर सरकार इस देश के युवाओं की आवाज सुनने से क्यों पीछे हट रही है?” उन्होंने अनीश के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की.



