
चंपावत, 5 जुलाई, 26. टनकपुर के बूम क्षेत्र में आयोजित जन शिविर में सीएम धामी ने शिरकत की. जहां उन्होंने 60 करोड़ रुपए से ज्यादा की लागत से निर्मित होने वाले शारदा तटबंध निर्माण कार्य का शिलान्यास किया. इसके अलावा 5 करोड़ से ज्यादा की लागत से हुड्डी नदी पर बाढ़ सुरक्षात्मक कार्यों की आधार शिला भी रखी. वहीं, सीएम धामी ने आमजन की समस्याओं को सुना और उनके निस्तारण के भी निर्देश दिए.
दरअसल, सीएम पुष्कर धामी ने टनकपुर-पूर्णागिरी मार्ग स्थित बूम में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में शिरकत की. इस दौरान उन्होंने करीब 60 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले शारदा तटबंध निर्माण कार्य का पूजा अर्चना कर शिलान्यास किया. साथ ही कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली.
महिला समूह के साथ सीएम धामी ने चूल्हे पर बनाई मंडुवे की रोटी
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण तब देखने को मिला, जब सीएम धामी महिला स्वयं सहायता समूहों के बीच पहुंचे. उन्होंने महिलाओं के साथ पारंपरिक चूल्हे पर मंडुवे की रोटी बनाई. साथ ही सिल-बट्टे पर नमक पीसकर महिला समूहों का उत्साहवर्धन किया. सीएम धामी का यह अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा.
चंपावत जिले के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है. राज्य सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है.
– पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड
बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ किया संवाद
इसके अलावा सीएम धामी ने बीजेपी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ भी संवाद किया. साथ उनमें जोश भरने का काम किया. उन्होंने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को प्रत्येक घर तक पहुंचाने का आह्वान किया.
सीएम धामी ने कहा कि आज जिन विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया है, वो शारदा नदी और हुड्डी नदी से होने वाले कटाव व बाढ़ की चुनौतियों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करेगा. साथ ही स्थानीय लोगों के जीवन, आजीविका और सुरक्षा को नई मजबूती प्रदान करेंगे. साथ ही कहा कि 3,300 करोड़ से ज्यादा की लागत से शारदा कॉरिडोर का निर्माण काम भी तेजी से चल रहा है.



