उत्तराखंडदेश-विदेशपर्यटनबड़ी खबरयूथ कार्नर

सतपुली और स्यूंसी झील से बदलेगी पौड़ी की आर्थिकी, चौबट्टाखाल बनेगा पर्यटन का प्रमुख केंद्र

कोटद्वार, 8 जुलाई, 26. प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सतपुली और स्यूंसी झील परियोजनाओं के पूरा होने के बाद चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

मंत्री ने क्षेत्रीय लोगों की समस्याएं सुनीं और उन्हें योजना से रूबरू कराया
बुधवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने 123.18 लाख रुपये की लागत से बनने वाले कुल्हाड बैंड–किनसूर–भरवाड़ी–कैण्डुल–डलगांव–उमन–किनसूर मोटर मार्ग का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं और विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी दी।

पर्यटन और रोजगार को मिलेगी गति
यह झील सतपुली को उत्तराखंड के पर्यटन मानचित्र पर एक बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करेगी। चूंक सतपुलि लैंसडाउन से केवल 30 किमी और देवप्रयाग से 40 किमी दूरी पर है, इसलिए यहां आने वाले पर्टयकों का रुख नयार घाटी की तरफ बढ़ेगा। सतपाल महाराज ने बताया कि सतपुली झील परियोजना पर लगभग 56 करोड़ रुपये की लागत से 750 मीटर लंबी झील का निर्माण किया जा रहा है। इससे वॉटर स्पोर्ट्स सहित पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही क्षेत्र में पैराग्लाइडिंग जैसी साहसिक पर्यटन गतिविधियों का भी विस्तार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बीरोंखाल विकासखंड में प्रस्तावित 123.41 करोड़ रुपये लागत की स्यूंसी झील (बैराज) परियोजना पर्यटन विकास के साथ जल संरक्षण, पेयजल उपलब्धता और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती देगी तथा क्षेत्र के दीर्घकालिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम में एसडीएम रेखा आर्य, अधिशासी अभियंता लोनिवि लैंसडाउन विवेक कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत सहित विभिन्न अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

कुल मिलाकर सतपुली और नयार घाटी के लिए यह योजनाएं आने वाले समय में पलायन को रोकने और स्थानीय आर्थिकी को मजबूत करने में गेम चेंजर साबित होने वाली है।

Related Articles

Back to top button