मनोरंजनयूथ कार्नरशिक्षासामाजिकस्वास्थ्य

DTC बसों में महिलाएं 1 अगस्त से कर सकेंगी फ्री सफर, यात्रा के लिए ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ अनिवार्य

Listen to this article

नई दिल्ली, 10 जुलाई, 26. दिल्ली सरकार की ओर से महिलाओं को बसों में मिलने वाली मुफ्त सफर की सुविधा को लेकर एक बेहद महत्वपूर्ण व बड़ा फैसला लिया गया है. DTC के संचालन विभाग ने एक आधिकारिक सर्कुलर जारी कर महिला यात्रियों को सूचित किया है कि आगामी 1 अगस्त 2026 से बसों में मुफ्त यात्रा का लाभ उठाने के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड का होना पूरी तरह अनिवार्य कर दिया जाएगा.

सरकार अब वर्तमान में दिए जाने वाले पुराने पिंक टिकट को चरणबद्ध तरीके से बंद करने की तैयारी कर चुकी है. अधिकारियों के मुताबिक अभी तक दिल्ली में 14 लाख 93 हजार से अधिक महिलाओं ने पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवा लिया है.

डीटीसी के डिप्टी चीफ जनरल मैनेजर अमन देव छिकारा ने बताया कि महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा आगे भी जारी रहेगी, लेकिन इसके संचालन के तरीके में बदलाव किया जा रहा है. आदेश के तहत नियमों को दो चरणों में स्पष्ट किया गया है. इस महीने के अंत तक यानी 31 जुलाई 2026 तक वर्तमान व्यवस्था लागू रहेगी. सभी बसों के कंडक्टर पहले की तरह ही योग्य महिला यात्रियों को कागजी पिंक टिकट जारी करते रहेंगे और महिलाएं इस टिकट के जरिए मुफ्त यात्रा कर सकेंगी.

1 अगस्त 2026 से मुफ्त पिंक टिकट केवल उन्हीं महिला यात्रियों को जारी किए जाएंगे, जिनके पास एक वैध पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड मौजूद होगा. यात्रा के दौरान या बस में चढ़ते समय इस स्मार्ट कार्ड को टैप करना अनिवार्य होगा. जो महिलाएं कार्ड टैप करेंगी, केवल उन्हें ही मुफ्त सफर की सुविधा मिलती रहेगी.

कार्ड न होने पर देना होगा पूरा किराया
दिल्ली सरकार ने यह साफ कर दिया है कि 1 अगस्त 2026 से यदि कोई महिला यात्री बिना पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के यात्रा करती है, तो उसे मुफ्त टिकट नहीं दिया जाएगा. ऐसी स्थिति में महिला यात्रियों को सामान्य यात्रियों की तरह ही निर्धारित किराया देकर सामान्य टिकट खरीदना होगा. इसलिए, मुफ्त यात्रा का लाभ निर्बाध रूप से उठाने के लिए समय रहते कार्ड बनवाना जरूरी है.

कहां से और कैसे मिलेगा पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड
महिलाओं से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना अपना कार्ड बनवा लें. दिल्ली की रहने वाली महिला योग्य महिला यात्री अपने नजदीकी नामित पिंक कार्ड/पास वितरण केंद्र पर जाकर अपना ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ प्राप्त कर सकती हैं. परिवहन विभाग और डीटीसी द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार अन्य अधिसूचित केंद्रों व काउंटरों से भी यह कार्ड प्राप्त किया जा सकता है.

दिल्ली में 58 केंद्र बनाए गए
दिल्ली में कुल 58 केंद्र बनाए गए हैं, जहां पर पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनाए जा रहे हैं. प्रशासन की तरफ से प्रवर्तन दल और बस कंडक्टरों को निर्देश दिया है कि वे 31 जुलाई 2026 से पहले सभी महिला यात्रियों को इस बदलाव के बारे में जागरूक करें और उन्हें जल्द से जल्द कार्ड लेने की सलाह दें. इसके लिए बस में चढ़ने वाली महिला से कंडक्टर अभी से पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड मांगेंगे.

डिपो मैनेजरों व स्टाफ को सख्त निर्देश
डिप्टी चीफ जनरल मैनेजर आलोक कुमार के मुताबिक जारी इस आदेश में सभी डिपो मैनेजरों को अपने स्टाफ की उचित काउंसलिंग करने के निर्देश दिए गए हैं. डिपो प्रबंधकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि यदि किसी महिला यात्री के पास वैध पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड मौजूद है, तो उसे किसी भी परिस्थिति में मुफ्त यात्रा देने से मना न किया जाए. यदि किसी महिला यात्री के पास कार्ड नहीं है, तो कंडक्टर को उनके साथ बेहद विनम्रता से पेश आना होगा. उन्हें प्यार से नियम समझाते हुए कार्ड बनवाने की सलाह देनी होगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button