
देहरादून। चंबा-धनोल्टी में विगत दो दिनों से हुई बारिश व बर्फबारी के बाद शनिवार को राजधानी देहरादून सहित आसपास के इलाकों में मौसम साफ रहा। धूप खिलने से लोगों को ठंड से राहत मिली। वहीं शनिवार को मौसम विभाग ने फिर राज्य में कोल्ड डे कंडीशन रहने की संभावना व्यक्त की है। चंबा-धनोल्टी में बर्फबारी से बंद मार्गों को भी प्रशासन ने तेजी से खोलने का काम शुरू कर दिया है। सुबह दस बजे तक कोहरे के कारण बादल व धुंध छाई रही। शनिवार को जैसे ही धूप खिली वैसे ही जनजीवन पटरी पर लौटता नजर आया। हालांकि चंपावत में हुई बर्फबारी के बाद अब मौसम साफ है, लेकिन धूप नहीं निकली है। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात के लिए पहले की तरह सुचारू रूप से चल रहा है।
चंबा-धनोल्टी मोटर मार्ग बाधित
टिहरी में बादल छाए रहे। चंबा-धनोल्टी मोटर मार्ग तीसरे दिन भी यातायात के लिए नहीं खुल पाया है। अधिक बर्फबारी के कारण सड़क मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए अवरुद्ध है। चमोली जनपद में मौसम सामान्य है। यहां धूप खिली हुई है। हालांकि बर्फ जमने से जोशीमठ-औली, घाट-सुतोल-कनोल, दिवालीखाल-भराडीसैंण, ग्वादलम-नन्दकेशरी, तेली-गैलुंग, कर्णप्रयाग-नौटी-पैंठाणी, लंगसी-मोल्टा, कुनारबैंड-घेस, खेता-तोरती, मंडल-चोपता मार्ग बाधित है। श्रीनगर और आसपास के क्षेत्रों में धूप निकली है।