गंगा एक्सप्रेसवे का हरिद्वार तक होगा विस्तार, जेवर एयरपोर्ट से मिलेगी सीधे कनेक्टिविटी

देहरादून, 23 जुलाई, 26. गंगा एक्सप्रेसवे के अमरोहा से हरिद्वार तक विस्तार में होने वाले खर्च को लेकर फंसा पेच सुलझा लिया गया है। उत्तराखंड में एक्सप्रेसवे के 30 किलोमीटर लंबे हिस्से के निर्माण पर लगभग 2,600 करोड़ रुपये व्यय होंगे।
उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड सरकार में बनी सहमति के अनुसार उत्तराखंड के हिस्से का निर्माण खर्च भी अब उत्तर प्रदेश वहन करेगा। इस संबंध में एमओयू पर जल्द हस्ताक्षर किए जाएंगे। अमरोहा से हरिद्वार तक गंगा एक्सप्रेसवे की कुल लंबाई 147 किमी. होगी। उप्र के अमरोहा व बिजनौर जिले में इसकी कुल लंबाई 117 किमी. होगी, जबकि उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में 30 किमी।
फिलहाल 6 लेन में किया जायेगा निर्माण
एक्सप्रेसवे के विस्तार में कुल 12,847 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह तय किया गया कि उत्तराखंड के हिस्से का निर्माण, भूमि अधिग्रहण, मुआवजा, यूटिलिटी शिफ्टिंग व अन्य सभी खर्च उत्तर प्रदेश उठाएगा। एक्सप्रेसवे का निर्माण फिलहाल छह लेन में किया जाएगा, जबकि भविष्य में इसका आठ लेन तक विस्तार होगा। इसीलिए परियोजना में 120 मीटर चौड़ा कारिडोर विकसित करने का निर्णय लिया गया है। परियोजना के तहत हरिद्वार जिले के 28 गांवों की भूमि अधिग्रहित की जाएगी।
जेवर एयरपोर्ट से मिलेगी सीधे कनेक्टिविटी
गंगा एक्सप्रेसवे के विस्तार से उत्तराखंड को पश्चिमी-पूर्वी उत्तर प्रदेश से हाई-स्पीड सड़क नेटवर्क के जोड़ा जा सकेगा। वहीं कुंभनगरी हरिद्वार और प्रयागराज की सीधी कनेक्टिविटी हो जाएगी। गंगा एक्सप्रेसवे व प्रस्तावित गंगा-जेवर लिंक एक्सप्रेसवे के जरिए उत्तराखंड सीधे नोएडा इंटरनेशनल (जेवर) एयरपोर्ट से भी जुड़ जाएगा।
परियोजना विस्तार पर नजर
इंटरचेंज- उत्तरप्रदेश -08— उत्तराखंड-02
दीर्घ सेतु-उत्तरप्रदेश -09–उत्तराखंड-04
आरओबी-उत्तरप्रदेश -05–उत्तराखंड-00
भूमि अधिग्रहण- 6848 करोड़
सिविल निर्माण- 5824 करोड़
यूटिलिटी शिफ्टिंग-175 करोड़
कुल लागत- 12847 कराेड़
गंगा एक्सप्रेसवे का हरिद्वार तक विस्तार उत्तराखंड के लिए गेमचेंजर परियोजना साबित होगा। उत्तर प्रदेश के साथ सैद्धांतिक सहमति बन चुकी है, जल्द एमओयू के बाद परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा।
-पंकज पांडेय, सचिव, लोक निर्माण विभाग



