बदरीनाथ धाम आश्रम से चोरी हुआ भगवान नारायण का स्वर्ण मुकुट बरामद, ढोंगी साधु गिरफ्तार

चमोली, 30 जुलाई, 26. उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम स्थित ब्रह्मर्षि साधना संघ आश्रम से भगवान नारायण का करीब पांच लाख रुपए की कीमत का स्वर्ण मणि जड़ित मुकुट चोरी करने का मामला सामने आया है. इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से चोरी का मुकुट और नकदी बरामद हुई है.
24 जुलाई की रात को गायब हुआ था स्वर्ण मणि जड़ित मुकुट
पुलिस के अनुसार 27 जुलाई को ब्रह्मर्षि साधना संघ आश्रम ब्रह्मकपाल के ब्रह्मचारी भगवत दास ने बदरीनाथ कोतवाली में तहरीर दी थी. उन्होंने बताया कि आश्रम में ठहरे साधु राघवदास ने 24 जुलाई की रात मंदिर से भगवान नारायण का लगभग पांच लाख रुपए के मूल्य का सोने का मणि जड़ित मुकुट व नकदी चोरी कर ली. शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की.
धार्मिक आस्था से जुड़े इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने विशेष टीम का गठन कर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और मुकुट की बरामदगी के निर्देश दिए, इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार छापेमारी के जरिए आरोपी की तलाश तेज कर दी.
उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले का रहने वाला है आरोपी
जांच के दौरान 29 जुलाई को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने बद्रीश गंगा वाटिका गेट (हनुमानचट्टी रोड) के पास घेराबंदी कर आरोपी राघवराम पाठक उर्फ राघवदास (57) निवासी ग्राम मुनीमपुर थाना भिनगा जनपद श्रावस्ती (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया.
आरोपी की निशानदेही पर भगवान नारायण का चोरी गया स्वर्ण मणि जड़ित मुकुट, चोरी की गई नकदी में से 4,500 रुपये व घटना में प्रयुक्त काला बैग बरामद किया गया. पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने आश्रम के मंदिर से मुकुट और वहीं ठहरे प्रभुदास नामक व्यक्ति के बैग से नकदी चोरी की थी.
धार्मिक स्थलों पर होनी वाली घटनाओं को शासन द्वारा नियमित रूप में संज्ञान में लिया जाता है. 27 जुलाई को तहरीर मिली कि मंदिर में नारायण मूर्ति का सोने का मुकुट और नकदी चोरी कर ली गई है. विविध टीमें अलग-अलग स्थानों पर लगाई गई थीं. 29 जुलाई को राघव राम पाठक उर्फ राघव दास को पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है. निशानदेही पर सोने का मुकुट और नकदी और घटना में प्रयुक्त काला बैग बरामद कर लिया है. मुकदमे में धारा 317 (2) BNS की बढ़ोतरी की गई है.
– सुरजीत सिंह पंवार, पुलिस अधीक्षक चमोली
धार्मिक स्थलों की सुरक्षा संबंधी मामलों पर तुरंत होगी कार्रवाई
बरामदगी के बाद पुलिस ने मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) भी जोड़ दी है. आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है. इस कार्रवाई में विवेचक उपनिरीक्षक भूपेंद्र प्रसाद, हेड कांस्टेबल चंदन सिंह नगरकोटी, कांस्टेबल विकास जुयाल, आशुतोष तिवारी, राजेंद्र रावत, गौरव रावत और शीशपाल सिंह शामिल रहे. पुलिस ने बताया कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या आपराधिक गतिविधि पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.



