उत्तराखंडदेश-विदेशपर्यटनयूथ कार्नरशिक्षासामाजिक

महाबगढ़ महादेव के सौंदर्यीकरण को मिली वित्तीय स्वीकृति, रोजगार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

यमकेश्वर, 2 अगस्त, 26. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र स्थित महाबगढ़ मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य को शासन से प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। स्वीकृति के बाद मंदिर परिसर के समग्र विकास का रास्ता साफ हो गया है। इससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

गढ़वाल मंडल विकास निगम करेगा निर्माण कार्य
जिलाधिकारी के निर्देशन में पर्यटन विभाग के माध्यम से परियोजना का क्रियान्वयन गढ़वाल मंडल विकास निगम लिमिटेड द्वारा कराया जाएगा। परियोजना के तहत मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं का विकास तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित आवश्यक कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार किए जाएंगे।

सौंदर्यीकरण से श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए पूरा कराया जाएगा। कार्यों की नियमित समीक्षा भी सुनिश्चित की जाएगी। परियोजना पूर्ण होने के बाद मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
महाबगढ़ मंदिर के विकसित होने से यमकेश्वर क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के अवसर भी बढ़ने की संभावना है। अधिकारियों के अनुसार परियोजना क्षेत्र के पर्यटन विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। पर्यटकों की संख्या बढ़ने से स्थानीय स्तर पर आजीविका और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। महाबगढ़ मंदिर के सौंदर्यीकरण से धार्मिक पर्यटन को एक नया आयाम मिलेगा और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों व श्रद्धालुओं को सुविधा होगी।

Related Articles

Back to top button