उत्तराखंडदेश-विदेशबड़ी खबरयूथ कार्नरशिक्षा

HNBGU में पीजी एडमिशन की लास्ट डेट बढ़ी, आज रात तक कर सकते हैं आवेदन

श्रीनगर गढ़वाल, 6 अगस्त, 26. हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय HNBGU ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए विश्वविद्यालय परिसरों तथा संबद्ध महाविद्यालयों एवं संस्थानों में संचालित विभिन्न स्नातकोत्तर एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ा दी है.

आज 7 अगस्त रात तक भर सकते हैं फार्म
HNBGU डीन आफ स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. ओ.पी. गुसाई द्वारा जारी संशोधित प्रवेश के मुताबिक अब अभ्यर्थी 7 अगस्त 2026 की रात 11:55 बजे तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे. इससे पहले आवेदन करने की अंतिम तिथि 5 अगस्त निर्धारित की गयी थी। विश्वविद्यालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार यह तिथि-विस्तार विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (यूईटी)-2026 में सम्मिलित सभी पात्र अभ्यर्थियों के लिए लागू होगा. जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर SAMARTH प्रवेश पोर्टल के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी. विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि अंतिम तिथि के बाद किसी भी प्रकार के आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा, इसलिए सभी अभ्यर्थी समय रहते अपनी प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कर लें.

HNBGU के अनुसार इस प्रवेश प्रक्रिया के तहत स्नातकोत्तर (पीजी) के विभिन्न पाठ्यक्रमों के अलावा बीएड, एमएड, बीपीएड, एमपीएड, एलएलबी, एल.एल.एम. तथा विभिन्न स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिए जाएंगे. अभ्यर्थियों को अपनी रुचि एवं पात्रता के अनुसार विश्वविद्यालय परिसर अथवा संबद्ध महाविद्यालय/संस्थान और संबंधित पाठ्यक्रम का चयन करना होगा.

ई-मेल वेरिफिकेशन कोड
प्रवेश प्रक्रिया को सुचारु एवं पारदर्शी बनाए रखने के लिए विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को कुछ महत्वपूर्ण निर्देश भी जारी किए हैं. विश्वविद्यालय ने कहा है कि ऑनलाइन पंजीकरण प्रारंभ करने से पहले सभी अभ्यर्थी पोर्टल पर उपलब्ध “Account Verification Code” विकल्प पर क्लिक कर अपनी पंजीकृत ई-मेल आईडी का सत्यापन अवश्य करें। ई-मेल सत्यापन के बाद अभ्यर्थी अपनी पंजीकृत ई-मेल आईडी को यूज़रनेम तथा यूईटी-2026 रोल नंबर#जन्म वर्ष को पासवर्ड के रूप में उपयोग करते हुए पोर्टल पर लॉगिन कर सकेंगे.

विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि आवेदन भरते समय सभी जानकारियों को सावधानीपूर्वक दर्ज करें. आवश्यक दस्तावेज निर्धारित प्रारूप में अपलोड करें. किसी भी प्रकार की त्रुटि भविष्य में प्रवेश प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है. इसलिए आवेदन अंतिम रूप से जमा करने से पहले सभी विवरणों का अच्छी तरह मिलान कर लें.

आवेदन करने का तरीका
विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को प्रवेश से संबंधित सभी दिशा-निर्देश, पात्रता, सीट आवंटन, दस्तावेज सत्यापन एवं अन्य आवश्यक सूचनाओं के लिए नियमित रूप से विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट एवं SAMARTH प्रवेश पोर्टल का अवलोकन करते रहना चाहिए, ताकि किसी भी महत्वपूर्ण सूचना से वे वंचित न रहें. पंजीकरण के लिए छात्रों को https://hnbguadmission.samarth.edu.in या hnbguadmission.samarth.edu.in पर जाना होगा।

गौरतलब है कि यह संशोधित प्रवेश परिपत्र डीन ऑफ स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो ओ पी. गुसाईं द्वारा 5 अगस्त 2026 को जारी किया गया है. विश्वविद्यालय को उम्मीद है कि तिथि बढ़ाए जाने से ऐसे अभ्यर्थियों को पर्याप्त समय मिल सकेगा, जो किसी कारणवश निर्धारित अवधि में अपना ऑनलाइन पंजीकरण पूरा नहीं कर पाए थे.

Related Articles

Back to top button