उत्तराखंडक्राइमबड़ी खबरशिक्षासामाजिकस्वास्थ्य

चमोली में आए जलसैलाब में वैली ब्रिज बहा, BRO कर्मी लापता, मलारी से आगे आवाजाही बाधित

चमोली, 10 अगस्त, 26. भारत-चीन सीमा से सटे चमोली जिले की नीती घाटी से खौफनाक तस्वीरें सामने आई है. जहां नीती घाटी जाने वाले तमक नाले में अचानक जलसैलाब आ गया. जिसमें वैली ब्रिज बह गया. इसके साथ ही वाहन के साथ एक बीआरओ कर्मी के भी बहने की सूचना है. वहीं, रेस्क्यू टीमें मौके के लिए रवाना हो गई हैं.

ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमक नाले में आया सैलाब
जानकारी के मुताबिक, यह घटना ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर शाम करीब साढ़े 5 बजे के आसपास हुई. जहां तमक नाले में अचानक जलसैलाब आ गया. जिसमें 123 बीआरटीएफ सुराईथोटा की ओर से निर्मित वैली ब्रिज बह गया. साथ ही जनरल रिजर्व इंजीनियर फोर्स (GREF) का स्कॉर्पियो वाहन संख्या 24 BE 16058 और बोलेरो कैंपर संख्या 23 B 15947 के साथ एक अन्य वाहन भी प्रभावित हुए. इस दौरान स्कॉर्पियो चालक नायक पंकज कुमार के बहने की सूचना है. जिनकी तलाश में रेस्क्यू अभियान जारी है. स्कॉर्पियो वाहन को सुरक्षित साइड किया गया है.

कुछ ही पलों में नाले में बह गया सब कुछ
अचानक आए तेज पानी और मलबे ने देखते ही देखते इलाके में भारी नुकसान कर दिया. पानी का बहाव इतना तेज था कि नाले पर बना वैली ब्रिज भी इसकी चपेट में आकर बह गया. इतना ही नहीं आसपास खड़ी गाड़ी भी तेज बहाव में बहती नजर आईं. कुछ ही पलों में नाले ने ऐसा रौद्र रूप लिया कि आसपास का पूरा इलाका मलबे और पानी की चपेट में आ गया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

तेज बहाव में बह गया वैली ब्रिज
पुल के बहने से नीती घाटी की ओर आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई है और क्षेत्र का जिला मुख्यालय से सड़क संपर्क बाधित हो गया है. बताया जा रहा है कि तमक इलाके में एक के बाद एक तीन बार अतिवृष्टि हुई. इसके बाद नाले में अचानक पानी का प्रवाह बढ़ गया और तेज बहाव अपने साथ वैली ब्रिज को भी बहा ले गया. वहीं, मौके पर भारी बारिश एवं अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू कार्य में कठिनाई आ रही है. अब सुबह व्यापक स्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया जाएगा.

सुरईथोटा से तमक की ओर वाहनों की आवाजाही पर रोक
सुरक्षा के मद्देजनर सुरईथोटा से तमक की ओर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है. साथ ही धौलीगंगा नदी के जलस्तर में संभावित वृद्धि को देखते हुए तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए सूचित किया जा रहा है. वहीं, जल विद्युत परियोजनाओं में कार्यरत संबंधित कंपनियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.

BRO का एक कर्मचारी लापता होने की सूचना
घटना के बाद बीआरओ के एक कर्मचारी पंकज कुमार के लापता होने की सूचना सामने आई है. ज्योतिर्मठ के उप जिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि उनकी BRO के मेजर से टेलीफोन पर बातचीत हुई है. मेजर की ओर से एक कर्मी के लापता होने की जानकारी दी गई है. अचानक आई तेज बारिश और पानी के बढ़े बहाव के बाद उसका पता नहीं चल पाया. आशंका है कि वो तेज पानी के बहाव में बह गया हो.

वहीं, वीडियो में तेज बहाव की चपेट में आकर एक पिकअप वाहन बहता हुआ दिखाई दे रहा है. जबकि, सड़क पर पोकलैंड मशीन भी पानी के बीच फंसी नजर आ रही है और ऑपरेटर उसे निकालने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है. इस दौरान वीडियो बना रहा युवक लगातार चिल्लाते हुए ‘वो बह गया…वो बह गया’ कहता सुनाई दे रहा है.

आपदा टीमें मौके के लिए रवाना
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है. प्रशासन, आपदा प्रबंधन टीम, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ समेत संबंधित विभागों की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं. मौके पर पहुंचने के बाद स्थिति का जायजा लेने के साथ ही लापता ऑपरेटर की तलाश और प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाएगा.

मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) से चमोली समेत प्रदेश के सभी संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार 24×7 निगरानी रखी जा रही है. जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों से लगातार समन्वय किया जा रहा है. आवश्यकता के अनुसार राहत एवं बचाव दलों को तत्काल सक्रिय किया जा रहा है।
विनोद कुमार सुमन, सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास

Related Articles

Back to top button