
देहरादून, 25 अगस्त, 26. राजधानी देहरादून में 26 अगस्त (बुधवार) को टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा और बारावफात का जुलूस एक ही दिन निकाले जाएंगे। दो बड़े आयोजनों के चलते शहर के मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति से निपटने के लिए दून ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक डायवर्जन प्लान जारी किया है। सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक शहर के भीतरी इलाकों में भारी व लोडिंग वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, हालांकि आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को बिना रोक-टोक आवाजाही की अनुमति होगी।
टपकेश्वर शोभायात्रा का रूट और डायवर्जन
समय और मार्ग: शोभायात्रा सुबह 10 बजे शिवाजी धर्मशाला से शुरू होकर सहारनपुर चौक, झंडा बाजार, पलटन बाजार, घंटाघर, बिंदाल, कैंट क्षेत्र, डाकरा बाजार और गढ़ी कैंट चौक होते हुए टपकेश्वर मंदिर पहुंचेगी।
निरंजनपुर मंडी से डायवर्जन: यात्रा प्रस्थान के समय निरंजनपुर मंडी, लालपुल और मातावाला बाग कट से सहारनपुर चौक आने वाले यातायात को जीएमएस रोड की ओर मोड़ा जाएगा।
घंटाघर व बल्लूपुर से डायवर्जन
शोभायात्रा के घंटाघर पहुंचने पर चक्राता रोड जाने वाले वाहनों को दिलाराम चौक भेजा जाएगा। वहीं, बल्लूपुर से आने वाले वाहनों को किशननगर चौक और बिंदाल चौकी कट होते हुए दिलाराम चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
सड़कें खुलना: शोभायात्रा का पिछला हिस्सा जैसे-जैसे आगे बढ़ेगा, पीछे के मार्गों पर यातायात सामान्य कर दिया जाएगा।
संभावित डायवर्जन: भीड़ का दबाव बढ़ने पर पटेलनगर मंडी, लालपुल, बल्लीवाला चौक और सहारनपुर चौक से ट्रैफिक को आंशिक रूप से डायवर्ट किया जा सकता है।
प्रिंस चौक व द्रोण कट: प्रिंस चौक पहुंचने पर द्रोण कट की ओर जाने वाले वाहनों को चंदननगर कट होते हुए दून चौक भेजा जाएगा। द्रोण कट से कचहरी रोड की ओर यात्रा आने पर तहसील चौक से प्रिंस चौक के ट्रैफिक को रोक-रोक कर छोड़ा जाएगा।
कॉन्वेंट तिराहा व क्रॉस रोड: बुद्धा चौक पार करने के बाद कॉन्वेंट तिराहे से मनोज क्लिनिक की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। क्रॉस रोड से आने वाले यातायात को मनोज क्लिनिक से एसबीआई मुख्य शाखा की ओर मोड़ा जाएगा।
इन प्रमुख स्थानों पर रहेंगे बैरियर
यातायात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस द्वारा पटेलनगर मंडी, बल्लीवाला चौक, मातावाला बाग तिराहा, बल्लूपुर चौक, कौलागढ़ चौक, दर्शनलाल चौक, प्रिंस चौक और घंटाघर पर बैरियर लगाए जाएंगे।



