उत्तराखंडक्राइमदेश-विदेशमनोरंजनयूथ कार्नरशिक्षा

कोटद्वार में दूसरे अभ्यर्थी की जगह उत्तराखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा UTET देने आया एक ‘मुन्नाभाई’ को पुलिस ने धर-दबोचा

कोटद्वार, 29 सितंबर, 26. उत्तराखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (UTET) के दौरान कोटद्वार में एक ‘मुन्नाभाई’ गिरफ्तार हुआ है. आरोपी युवक दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहा था, लेकिन उसका भेद खुल गया और हाथों में हथकड़ियां कस गई. अब आरोपी के खिलाफ कोतवाली कोटद्वार में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार यानी 29 सितंबर को कोटद्वार पुलिस को एक सूचना मिली. जिसमें बताया गया कि मेहरबान सिंह कंडारी सरस्वती इंटर कॉलेज कलाबड़ में आयोजित उत्तराखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (UTET) परीक्षा में एक युवक किसी अन्य अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहा है. यह सूचना मिलते ही पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारी तत्काल परीक्षा केंद्र पर पहुंच गये।

काशीपुर के अभ्यर्थी की जगह परीक्षा दे रहा यूपी का युवक
परीक्षा केंद्र पर जांच और पूछताछ के दौरान सामने आया कि उधम सिंह नगर के काशीपुर निवासी विशाल कुमार के स्थान पर उत्तर प्रदेश का बिजनौर निवासी हिमांशु चौहान परीक्षा दे रहा था. इसके साथ ही पुलिस और संबंधित अधिकारियों ने आवश्यक दस्तावेजों एवं पहचान का सत्यापन किया.

हिमांशु चौहान मौके से गिरफ्तार
सत्यापन के बाद दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने की पुष्टि होने पर पुलिस ने हिमांशु चौहान को मौके से गिरफ्तार कर लिया. मामले में परीक्षा केंद्र के प्रधानाचार्य चंदन सिंह की तहरीर के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(2), 318(4), 319(2), 336(3), 340(2) और 61(2) के तहत अभियोग पंजीकृत किया है.

मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. परीक्षा में प्रतिरूपण के पीछे आरोपी की भूमिका और पूरे मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है.
-मनोज ठाकुर, एएसपी, कोटद्वार

परीक्षा देने कोटद्वार आया, लेकिन पकड़ा गया
बताया जा रहा है कि नगीना निवासी हिमांशु नाम का युवक काशीपुर निवासी अभ्यर्थी विशाल कुमार की जगह UTET परीक्षा देने के लिए कोटद्वार पहुंचा था. परीक्षा केंद्र पर युवक की मौजूदगी और पहचान को लेकर संदेह को लेकर उत्तराखंड बेरोजगार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल ने प्रशासन से इसकी शिकायत की.

शिकायत के बाद प्रशासन एवं पुलिस की टीम तत्काल परीक्षा केंद्र पहुंची और युवक से पूछताछ की. जांच में मामला संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया. बेरोजगार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल ने आरोपी के खिलाफ नकल विरोधी कानून के तहत कार्रवाई करने और उसके कनेक्शन का पता लगाने की मांग की है.

Related Articles

Back to top button