खेलदेश-विदेशमनोरंजनयूथ कार्नर

हांगकांग सिक्सेस क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए भुवनेश्वर कुमार बने टीम इंडिया के कप्तान

स्पोर्ट्स डेस्क। टीम इंडिया के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के लिए अच्छी खबर आई है. उन्हें हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट के लिए टीम इंडिया का कप्तान बनाया गया है. हालांकि भुनेश्वर कुमार आखिरी बार टी20 इंटरनेशनल और वनडे में 2022 में खेले थे. उसके बाद से उन्हें टीम इंडिया की जर्सी पहनने का मौका नहीं मिला. अब वो 30 अक्टूबर को टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व करने के लिए मैदान में उतरेंगे.

टीम की घोषणा
दरअसल 2026 सीजन के लिए हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट शुरू होने वाला है. जो 30 अक्टूबर से 2 नवंबर तक खेला जाएगा. इस बार इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान समेत कुल 12 देश हिस्सा ले रहे हैं. हांगकांग क्रिकेट बोर्ड ने सोमवार को भारतीय टीम की घोषणा की. जिसमें उन सात खिलाड़ियों को चुना गया है जिन्होंने IPL में शानदार प्रदर्शन किया था. भुवनेश्वर कुमार इस टीम के कप्तान होंगे. इसके अलावा टीम में क्रुणाल पांड्या, शशांक सिंह, राहुल तेवतिया, नितीश राणा, राहुल त्रिपाठी और टी नटराजन शामिल हैं. गौरतलब है कि शशांक को छोड़कर, इस टीम के बाकी सभी खिलाड़ियों ने टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं.

इस मौके पर क्रिकेट हांगकांग, चीन के मार्केटिंग और कमर्शियल डायरेक्टर अनुराग भटनागर ने कहा, ‘हम भारतीय क्रिकेट अधिकारियों के बहुत आभारी हैं कि उन्होंने हांगकांग सिक्सेस के इतिहास में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए सबसे मजबूत टीमों में से एक बनाने में हमारा समर्थन किया. दर्शकों की ओर से इस टीम का स्वागत शानदार होगा. यह निश्चित रूप से एक बड़ा कदम होगा. यह प्रतिष्ठित टीम टूर्नामेंट को और अधिक पहचान दिलाएगी.’

पिछले सीजन पाकिस्तान बना था चैंपियन
पिछले साल, टीम इंडिया ने पूर्व क्रिकेटर दिनेश कार्तिक की कप्तानी में टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था. उस सीजन में टीम इंडिया ने अपना पहला मैच पाकिस्तान के खिलाफ खेला. उसने डकवर्थ-लुईस नियम से दो रन से जीत हासिल की. ​​हालांकि, इसके बाद उसे कुवैत और UAE के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा और वह टूर्नामेंट से बाहर हो गई. उस सीजन में पाकिस्तान चैंपियन बना था.

टूर्नामेंट का फॉर्मेट क्या है?
हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट आम क्रिकेट मैच से अलग है. इसमें हर टीम में सिर्फ छह खिलाड़ी होते हैं. हर टीम के लिए 6 ओवर का खेल होता है. विकेटकीपर को छोड़कर, फील्डिंग करने वाली टीम के सभी खिलाड़ियों को एक-एक ओवर फेंकना होता है. सिर्फ एक गेंदबाज को 2 ओवर फेंकने का मौका मिलता है. बैटिंग की बात करें, तो अगर कोई खिलाड़ी 31 रन बना लेता है, तो उसे बिना आउट हुए रिटायर होना पड़ता है. उसके बाद, बाकी टीम क्रम के अनुसार बैटिंग करती है.

अगर पारी खत्म होने से पहले 5 विकेट गिर जाते हैं, तो रिटायर हुआ बल्लेबाज बैटिंग के लिए वापस आता है. फिर, दूसरे छोर पर एक ‘बाय रनर’ रखा जा सकता है और बल्लेबाज अकेले बैटिंग कर सकता है. इसमें वाइड और नो बॉल के लिए 2 रन की पेनल्टी होती है. हालांकि, नो बॉल पर फ्री हिट नहीं मिलती है. यह टूर्नामेंट सिर्फ तीन दिन तक चलेगा. इसका मकसद तेज गति वाला क्रिकेट खेलना है. हांगकांग का टिन क्वांग रोड रिक्रिएशन ग्राउंड इन मैचों की मेजबानी करेगा.

12 टीमों को चार ग्रुपों में बांटा गया है
टूर्नामेंट में आठ प्रमुख क्रिकेट खेलने वाले देश और चार एसोसिएट सदस्य देश हिस्सा लेंगे. ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, हांगकांग, चीन, श्रीलंका, बांग्लादेश, स्कॉटलैंड, भारत, पाकिस्तान, UAE, दक्षिण अफ्रीका, अफगानिस्तान और ओमान टूर्नामेंट में भाग लेंगे. इन 12 टीमों को 4 ग्रुप में बांटा गया है.

पूल A: ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, हांगकांग
पूल B: श्रीलंका, बांग्लादेश, स्कॉटलैंड
पूल C: भारत, पाकिस्तान, UAE
पूल D: दक्षिण अफ्रीका, अफगानिस्तान, ओमान

Related Articles

Back to top button