फलाहारी बाबा के आरोपों पर बोले कोहली, ‘भक्ति और श्रद्धा को पैसे से जोड़ना बेबुनियाद आरोप’ 5 करोड़ दावा झूठा

नई दिल्ली, 7 अक्टूबर, 26. उत्तर प्रदेश के वृंदावन में आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज का आश्रम आज कल काफी ज्यादा चर्चे में है. हाल ही में वहां पर एक शिष्य ने अपनी जान ले ली थी, जिसकी जांच अभी तक जारी है. इसी बीच सोशल मीडिया पर ‘फलाहारी महाराज’ के नाम से मशहूर दिनेश शर्मा का एक दावा काफी तेजी से फैलने लगा, जिसमे उन्होंने प्रेमानंद महाराज पर आरोप लगाया था कि 2023 में पहली बार आश्रम आने के लिए विराट कोहली को पांच करोड़ रुपये दिए गए थे.
अब इस आरोप पर विराट कोहली के प्रवक्ता की तरफ से बुधवार को बयान जारी किया गया है. जिसमें उन्होंने 5 करोड़ रुपये लेने के आरोप को पूरी तरह से गलत और बेबुनियाद बताया है. कोहली के प्रवक्ता की तरफ से कहा गया, ‘हम साफ तौर पर कहना चाहते हैं कि विराट कोहली के बारे में फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा द्वारा किए गए दावे पूरी तरह गलत, बेबुनियाद और तथ्यों के लिहाज से गलत हैं. विराट कोहली, महाराज जी के प्रति अपनी गहरी आस्था और सम्मान के कारण ही प्रेमानंद महाराज जी से मिलने जाते हैं. हम इन दावों का पुरजोर खंडन करते हैं और मीडिया से आग्रह करते हैं कि वे ऐसी खबरों या बयानों को चलाने से पहले पूरी सावधानी बरतें, तथ्यों की जांच करें और जिम्मेदारी से रिपोर्टिंग करें.’
यह विवाद जनवरी 2023 में प्रेमानंद महाराज के वृंदावन आश्रम में कोहली की पहली यात्रा से जुड़ा है. फलाहारी महाराज ने यह आरोप उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे गए एक पत्र में लगाया गया था. जिसमें दावा किया गया है कि एक प्रॉपर्टी बिल्डर लॉबी और राजस्थान की एक प्राइवेट कंपनी ने कोहली की यात्रा का इंतजाम करने के लिए 5 करोड़ रुपये खर्च किए. कथित तौर पर ऐसा इसलिए किया गया ताकि भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े नामों में से एक के साथ जोड़कर प्रेमानंद महाराज की लोकप्रियता और पहचान बढ़ाई जा सके. हालांकि, ऐसा कोई दस्तावेजी सबूत सामने नहीं आया है जिससे यह साबित हो सके कि ऐसा कोई भुगतान किया गया था.
Virat Kohli & Anushka Sharma Visited Shri Premanand Ji Maharaj Dham in Vrindavan. pic.twitter.com/mlMCqM3l9L
— Virat Kohli Fan Club (@Trend_VKohli) December 16, 2025
बता दें कि टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा प्रेमानंद महाराज के भक्त हैं और कई बार वृंदावन स्थित उनके आश्रम में भी जा चुके हैं. जिसकी शुरूआत 2023 से हुई. उन्होंने 2025 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी आश्रम का दौरा किया था. यह कपल इस साल भी प्रेमानंद महाराज से मिल चुका है.



