उत्तराखंडबड़ी खबरयूथ कार्नरशिक्षासामाजिक

उत्तराखंड में सरकारी/प्राइवेट आफिस में कार्यरत महिलाओं के लिए सरकार की तरफ अवकाश घोषित

देहरादून, 28 अक्टूबर, 26. उत्तराखंड की प्रदेश सरकार ने करवा चौथ पर प्रदेश की महिलाओं को छुट्टी की सौगात दी है. उत्तराखंड सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी करते हुए सरकारी, गैर सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और शासकीय प्रतिष्ठानों में कार्यरत महिला कार्मिकों को एक दिन का सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की जानकारी दी है.

आदेश में कहा गया है कि करवा चौथ पर्व के लिए गुरुवार 29 अक्टूबर को सरकारी- प्राइवेट कार्यालयों, सरकारी स्कूल कॉलेज और शासकीय प्रतिष्ठानों में अवकाश रहेगा. इससे करवाचौथ पर्व मनाने वाली महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी.

वहीं, करवा चौथ को लेकर प्रदेशभर के बाजारों में रौनक बढ़ी हुई है. 29 अक्टूबर को मनाए जाने वाले इस पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह है. पति की लंबी आयु के लिए निर्जला व्रत रखने वाली महिलाएं बाजारों में सजने-संवरने की खरीदारी में जुटी हैं, जिससे कपड़ा, सर्राफा, कॉस्मेटिक और मनिहारी की दुकानों पर खासी भीड़ देखने को मिल रही है. बाजारों के साथ-साथ ब्यूटी पार्लरों में भी रौनक चरम पर है. महिलाएं मेहंदी, फेशियल, मेकअप के लिए तीन-चार दिन पहले से ही बुकिंग कराकर पार्लर पहुंच रही हैं. पार्लर संचालकों के अनुसार इन दिनों मेहंदी का सबसे ज्यादा क्रेज है. महिलाएं पूरे हाथों और पैरों पर मेहंदी लगवा रही हैं.

करवा चौथ पर सोलह शृंगार का विशेष महत्व होने के कारण महिलाएं साड़ी, सूट, चूड़ियां, बिंदी, मेहंदी, करवा, छलनी, पूजा की थाली और सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी कर रही है. त्योहारी सीजन शुरू होते ही सर्राफा बाजार में भी चहल-पहल बढ़ गई है. कई जगह पति भी पत्नी के साथ बाजार आकर उपहार पसंद कर रहे हैं. बाजार में बढ़ती ग्राहकी से दुकानदारों के चेहरे खिले हुए हैं और उन्हें इस बार अच्छी बिक्री की उम्मीद है.

करवा चौथ 2026 पूजा का शुभ मुहूर्त
करवा चौथ पर पूजा के लिए शाम का समय शुभ माना जाता है. इस दौरान महिलाएं भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान गणेश और करवा माता की पूजा करती हैं.
– पूजा का शुभ मुहूर्त: शाम 5:38 बजे से 6:56 बजे तक
– व्रत का समय: सुबह 6:31 बजे से रात 8:17 बजे तक

कल रात कितने बजे निकलेगा करवा चौथ का चांद
करवा चौथ पर बिना चांद के दर्शन और पूजन किए व्रत अधूरा माना जाता है। शाम को करवा माता की पूजा होती है और फिर रात को चांद के निकलने का इंतजार होता है। द्रिक पंचांग के अनुसार, करवा चौथ पर चांद देशभर में रात 08 बजकर 17 मिनट से लेकर 09 बजे तक दिखाई देगा।

करवा चौथ की पूजा विधि
1. सुबह सूर्योदय से पहले उठकर परंपरा के अनुसार सरगी ग्रहण करें . व्रत का संकल्प लें.
2. पूरे दिन निर्जला व्रत रखें. शाम को स्नान करके स्वच्छ वस्त्र पहनें . पूजा की तैयारी करें.
3. भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान गणेश और करवा माता की पूजा करें. दीपक जलाकर फूल, अक्षत, सिंदूर आदि अर्पित करें.
4. करवा चौथ की कथा सुनें, पूजा संपन्न करें.
5. रात में चंद्रमा के दर्शन करके अर्घ्य दें. इसके बाद परंपरा के अनुसार छलनी से चंद्रमा और पति का चेहरा देखकर जल ग्रहण करके व्रत खोलें.

Related Articles

Back to top button