16 फरवरी से शुरू होंगी CBSE 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षाएं, 9 अप्रैल 2027 तक होंगी

नई दिल्ली, 6 नवम्बर, 26. सीबीएसई 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की घोषणा कर दी गई है. इस संबंध में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 2026 में होने वाली 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की संभावित परीक्षा तिथि जारी कर दी हैं. इसके मुताबिक, परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी.
इस बार 10वीं की बोर्ड परीक्षा 9 मार्च तक चलेगी, जबकि 12वीं के विद्यार्थियों को 9 अप्रैल तक अलग-अलग विषयों के प्रश्न पत्र देने होंगे. सीबीएसई की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे शुरू होंगी. हालांकि, विषय के हिसाब से परीक्षा की अवधि अलग-अलग रखी गई है. हालांकि कुछ पेपर दो घंटे के होंगे, जबकि ज्यादातर मुख्य विषयों की परीक्षा तीन घंटे चलेगी.
10वीं की परीक्षा 16 फरवरी से 9 मार्च तक
सीबीएसई की 10वीं की बोर्ड परीक्षा में इस बार 83 विषय शामिल हैं. परीक्षा 16 फरवरी से शुरू होगी, इस दिन पेंटिंग विषय का पेपर होगा. इसके बाद 17 फरवरी को गणित स्टैंडर्ड और गणित बेसिक का पेपर होगा. वहीं विज्ञान का पेपर 22 फरवरी को होगा. जबकि अंग्रेजी कम्युनिकेटिव और अंग्रेजी लैंग्वेज एंड लिटरेचर की परीक्षा 26 फरवरी को तय की गई है. हिंदी कोर्स-ए और हिंदी कोर्स-बी का पेपर 3 मार्च को होगा. सामाजिक विज्ञान की परीक्षा 8 मार्च को होगी. वहीं, 10वीं का अंतिम पेपर 9 मार्च को होगा. इस दिन कुछ भाषाओं और अन्य विषयों की परीक्षाएं तय हैं.
12वीं के स्टूडेंट को 9 अप्रैल तक देना होगा पेपर
12वीं की बोर्ड परीक्षा में 121 विषयों को शामिल किया गया है. इसकी शुरुआत 16 फरवरी को फिजिक्स के पेपर से होगी. इसके बाद 17 फरवरी को इंजीनियरिंग ग्राफिक्स का पेपर होगा. वहीं मुख्य विषयों की बात करें तो अकाउंटेंसी का पेपर 23 फरवरी, भूगोल का 25 फरवरी और केमिस्ट्री का पेपर 27 फरवरी को होगा. इसी प्रकार अंग्रेजी इलेक्टिव और अंग्रेजी कोर की परीक्षा 5 मार्च को तय है. जबकि गणित और एप्लाइड मैथमेटिक्स का पेपर 9 मार्च को होगा. हिंदी इलेक्टिव और हिंदी कोर की परीक्षा 13 मार्च को होगी. इसके बाद अर्थशास्त्र का पेपर 16 मार्च, राजनीति विज्ञान का 19 मार्च, जीव विज्ञान का 25 मार्च और इतिहास का पेपर 27 मार्च को होगा. साथ ही कंप्यूटर साइंस, इंफॉर्मेटिक्स प्रैक्टिसेज और इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी की परीक्षा 31 मार्च को होगी. वहीं बिजनेस स्टडीज का पेपर 1 अप्रैल को निर्धारित है. 12वीं की परीक्षा 9 अप्रैल को खत्म होगी.
1 जनवरी से शुरू होंगी प्रैक्टिकल परीक्षाएं
सीबीएसई की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 10वीं और 12वीं की नियमित प्रैक्टिकल परीक्षाएं, प्रोजेक्ट वर्क और इंटरनल असेसमेंट 1 जनवरी 2027 से शुरू हो जाएंगे. वहीं, सर्दियों वाले स्कूलों में प्रैक्टिकल और इंटरनल असेसमेंट की प्रक्रिया 9 नवंबर से 19 दिसंबर 2026 तक होगी. ऐसे स्कूलों के विद्यार्थियों को निर्धारित समय के भीतर अपनी प्रैक्टिकल संबंधी तैयारियां पूरी करनी होंगी.
सीबीएसई बोर्ड परीक्षा सैंपल पेपर्स 2027
सीबीएसई बोर्ड ने सीबीएसई कक्षा 10 और 12 के सैंपल पेपर्स 2027 भी जारी कर दिए हैं. जो छात्र इस साल 2027 की बोर्ड परीक्षा में शामिल हो रहे हैं तो वे cbseacademic.nic पर वेबसाइट से सैंपल पेपर्स डाउनलोड कर सकते हैं. सीबीएसई क्लास 10 और क्लास 12 बोर्ड परीक्षा 2027 की समय-सारणी (टाइम-टेबल) में विषय-वार परीक्षा की तारीखें, समय, छात्रों के लिए गाइडलाइंस, परीक्षा के नियम और अन्य जरूरी जानकारी शामिल होगी.



