
यमकेश्वर, 7 नवम्बर, 26. कस्याली सब स्टेशन में पांच एमवीए का नया ट्रांसफार्मर लगने से करीब 140 गांवों के ग्रामीणों को लो-वोल्टेज की समस्या से राहत मिली है। पहले रात के समय ग्रामीणों को खास तौर पर परेशानी होती थी।
7 हजार विद्युत उपभोक्ताओं को मिलेगा फायदा
यमकेश्वर ब्लाक के 140 गांवों और लगभग 7,000 बिजली उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज की समस्या से राहत मिली है। अभी तक सब स्टेशन में तीन एमवीए का ट्रांसफार्मर होने से करीब सात हजार विद्युत उपभोक्ता लो-वोल्टेज की समस्या झेल रहे थे। ऊर्जा निगम ने अब इसकी जगह पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर लगाया है। इससे गांवों में विद्युत आपूर्ति बेहतर हुई है।
यमकेश्वर क्षेत्र की पेयजल पंपिंग योजनाओं को भी लो-वोल्टेज से राहत मिली है और पानी की आपूर्ति लगातार हो रही है। कस्याली सब स्टेशन के तहत चार पंपिंग योजनाएं संचालित हैं। कम वोल्टेज के कारण उनकी मोटर लगातार नहीं चल पा रही थी, जिससे ग्रामीणों को पानी की समस्या होती थी।
नए ट्रांसफार्मर से इस परेशानी का समाधान हुआ है। जेई शौकीन अली, ऊर्जा निगम कोटद्वार ने बताया कि तीन एमवीए का ट्रांसफार्मर बदलकर पांच एमवीए का कर दिया है। इससे लो-वोल्टेज की समस्या का समाधान हो गया है। उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) द्वारा त्योहारी सीजन के दौरान बिजली आपूर्ति को बेहतर और निर्बाध बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है।



