जेई के एक हजार पदों पर पिछली बार निरस्त की गयी भर्ती के लिए दोबारा आवेदन शुरू

देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग राज्य एक हजार से ज्यादा पदों के लिए जेई भर्ती के आवेदन 14 अक्तूबर से शुरू करने जा रहा है। इसमें वह सभी 776 पद भी शामिल किए गए हैं, जिनकी भर्ती 2021 में निकली थी और पेपर लीक की वजह से रद्द हो गई थी।
आयोग ने 25 नवंबर 2021 को 776 पदों के लिए जेई भर्ती परीक्षा का विज्ञापन जारी किया था, जिसके लिए 7 से 10 मई 2022 के बीच इस भर्ती की लिखित परीक्षा में करीब 31 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इसका परिणाम 31 अगस्त 2022 को जारी किया गया था। इसके बाद आयोग ने इंटरव्यू शुरू कर दिए थे, कृषि और मैकेनिकल के पदों पर इंटरव्यू हो भी चुके थे, लेकिन राज्य लोक सेवा आयोग की पटवारी-लेखपाल भर्ती का पेपर लीक होने के कारण आयोग ने इसेभी रद्द कर दिया था।
14 अक्टूबर को जारी होगा विज्ञापन
आयोग के सचिव जीएस रावत ने बताया कि एक हजार भर्ती में पूर्व की भर्ती के 776 पदों को शामिल करते हुए अब उत्तराखंड सम्मिलित राज्य कनिष्ठ अभियंता सेवा परीक्षा की आवेदन प्रक्रिया 14 अक्तूबर से शुरू होगी, जो तीन नवंबर तक चलेगी। इसका विस्तृत विज्ञापन 14 अक्टूबर को जारी किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए वेबसाइट PSC.UK.GOV.IN पर संपर्क कर सकते हैं।
पशुचिकित्साधिकारियों की भर्ती के आवेदन शुरू
पशु चिकित्साधिकारी ग्रेड-2 के 91 पदों पर भर्ती शुरू हो गई है। इस भर्ती के लिए दो नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। भर्ती के लिए कुल 91 पद हैं, जिनमें से अनारक्षित वर्ग के 44, अनुसूचित जाति के 30, अनुसूचित जनजाति के दो, अन्य पिछड़ा वर्ग के आठ, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के सात पद शामिल हैं। https://sarthakpahal.com/
इस भर्ती के लिए केवल वही युवा आवेदन कर सकते हैं, जिनके पास पशु चिकित्सा विज्ञान एवं पशुपालन में स्नातक की उपाधि हो व जो उत्तराखंड पशु चिकित्सा परिषद में पंजीकृत हों। भर्ती के लिए 800 अंकों की परीक्षा होगी, जिसमें पहला सामान्य अध्ययन का, दूसरा पशु चिकित्सा विज्ञान का और तीसरा पशु विज्ञान का होगा।