उत्तराखंडक्राइमखेलदेश-विदेशबड़ी खबरमनोरंजनयूथ कार्नरराजनीतिशिक्षासामाजिकस्वास्थ्य

जहरीली शराब कांड में 12 लोगों की मौत की आरोपी बबली बनी ग्राम प्रधान, गिरफ्तार

हरिद्वार। जहरीली शराब कांड में 12 लोगों की मौत की आरोपी बबली को ग्रामीणों ने गांव की बागडोर सौंप दी है। 10 सितम्बर को हुए शराब कांड में पुलिस ने बबली के पति डा. बिजेंद्र चौहान तथा उसके जेठ नरेश चौहान को आरोपी बनाया गया था।

री-काउंटिंग में भी जीती बबली
हरिद्वार के शिवनगर ग्राम पंचायत के प्रधान पद के चुनाव में सभी लोगों को आश्चर्य हुआ है। शिवगढ़ और फूलगढ़ में जहरीली शराब कांड की सह आरोपी बबली देवी को ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान की बागडोर सौंप दी है। प्रतिद्वंद्वी स्वाति की ओर से री-काउंटिंग भी करवाई गयी, लेकिन फिर भी बबली देवी एक वोट से स्वाति को हरा गयी। री-काउंटिंग में बबली को 859, जबकि स्वाति को 858 वोट मिले। शिवनगर ग्राम पंचायत में शिवगढ़, फूगढ़, गोविंदगढ़ और दुर्गागढ़ गांव शामिल हैं।

पति हो चुके हैं गिरफ्तार
12 लोगों की मौत के बाद बबली के पति डा. बिजेंद्र चौहान को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। बिजेंद्र चौहान की निशानदेही पर कच्ची शराब बरामद हुई थी। बबली और उनके जेठ नरेश चौहान को सहआरोपी बनाया गया था। इन दोनों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। डा. बिजेंद्र के जेल जाने और बबली और नरेश के फरारी होने से बबली के ससुर सूरज भान चौहान ने गांव में बबली के लिए वोट मांगे थे।

चौहान बिरादरी आई बबली के समर्थन में
शराबकांड के बाद चौहान बिरादरी बबली के समर्थन में खड़ी हो गयी। चौहान बिरादरी ने आरोप लगाया था कि शराब हर प्रत्याशी ने बांटी, लेकिन कार्रवाई सिर्फ बबली और उसके परिवार पर हुई। शराब कांड से गांव में मृतक परिवारों में आक्रोश भले ही रहा, लेकिन ग्रामीणों ने बबली के समर्थन में वोट कर शिवनगर ग्राम पंचायत की प्रधानी की सत्ता बबली को ही सौंप दी। चुनाव जीतने के बाद बबली के समर्थकों ने बबली के बेटे हर्ष को गोदी में उठाकर जश्न मनाया। https://sarthakpahal.com/

10 प्रत्याशी थे चुनाव मैदान में
शिवनगर ग्रामपंचायत से 10 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। 26 सितम्बर को हुए मतदान में 3370 वोट पड़े थे। बुधवार को मतगणना में 142 वोट निरस्त हो गये। 2737 वैध वोटों में बबली को 859 वोट मिले, जबकि सबसे कम नौ वोट रेनू को मिले।

ग्राम प्रधान चुने जाने के बाद बबली देवी गिरफ्तार
बुधवार को आरोपी बबली देवी ग्राम प्रधान बनीं थीं। आज गुरुवार को जैसे ही वह फूलगढ़ पहुंची, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष पवन डिमरी का कहना है कि शराब कांड की फरार बबली देवी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है। बबली के जेठ नरेश की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है, उसे भी जल्द ही पकड़ लिया जायेगा।

Related Articles

Back to top button