उत्तरप्रदेशउत्तराखंडक्राइमदेश-विदेशबड़ी खबरयूथ कार्नरशिक्षासामाजिक

रिखणीखाल गदेरे में नहाते समय दो युवकों की मौत

यमकेश्वर। रिखणीखाल के ग्राम कोटनाली के नजदीक गदेरे में नहाते समय दो युवकों की डूबने से मौत हो गयी। शनिवार शाम को करीब चार बजे ग्राम कोटनाली से करीब तीन किमी आगे भैंसगड़ गदेरे पर बने पुल के पास यह घटना हुई। दोनों युवक रिखणीखाल में सहकारी बैंक में कर्मचारी थे।

रिखणीखाल सहकारी बैंक में कार्यरत कोटद्वार निवासी अनूप सिंह, रखणीखाल प्रखंड के अंतर्गत ग्राम ह्यूंदी (सिरवाणा) निवासी पंकज सिंह और हर्रावाला (देहरादून) निवासी प्रशांत शनिवार को चार बजे के आसपास कोटनाली से आगे भैंसगड़ गदेरे में बने पुल पर पहुंचे। तीनों दोस्त नहाने के लिए गदेरे में उतर गये। इस बीच प्रशांत फोन पर किसी से बात करने लगा, जबकि अनूप और पंकज नदी में नहाने लगे। कुछ देर बाद प्रशांत नदी की तरफ आया तो उसे अनूप और पंकज नजर नहीं आए।

दोनों युवकों के शव बरामद
जब दोनों का पता नहीं चला तो प्रशांत ने आसपास के व्यक्तियों को इसकी जानकारी दी। गांववालों ने उनकी तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। सूचना के बाद शाम छह बजे रिखणीखाल थाने से थाना प्रभारी कमलेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नदी में दोनों युवकों की तलाश शुरू की।

थाना प्रभारी और ग्रामीणों की मदद से चलाए गये खोजी अभियान के बाद शाम सात बजे 26 वर्षीय पंकज और 30 वर्षीय अनूप सिंह के शव बरामद कर लिए गये। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों युवकों के परिवारवालों को घटना की जानकारी से अवगत करा दिया गया है।

https://www.facebook.com/Sarthak_Pahal-101257265694407/

https://sarthakpahal.com/

Related Articles

Back to top button