25.32 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण से थलीसैंण को मिलेगी मजबूती

कोटद्वार, 2 मार्च। कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने थलीसैंण में लगभग 2532.66 लाख रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने उप जिला चिकित्सालय थलीसैंण तथा उप स्वास्थ्य केन्द्र मरोड़ा के भवन का शिलान्यास किया, साथ ही उप जिला चिकित्सालय में एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ भी किया।
इन योजनाओं से स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगी मजबूती
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी और लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इस अवसर पर नगर पंचायत क्षेत्र में बनाए गए प्रवेश द्वार एवं बस स्टैंड के समीप निर्मित पार्क का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा नगर पंचायत कैन्यूर थलीसैंण के नवनिर्मित भवन का भी उद्घाटन किया गया, जिससे स्थानीय प्रशासनिक कार्यों के संचालन में सुविधा मिलने की बात कही गई है।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी कई योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इनमें राजकीय प्राथमिक विद्यालय रौली व कैन्यूर में कक्षा-कक्ष निर्माण, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मैलासैंण तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय जसपुर में अनुरक्षण कार्य, सुभाष चन्द्र बोस आवासीय विद्यालय की चाहरदीवारी निर्माण, राजकीय इंटर कॉलेज बगवाड़ी में विज्ञान प्रयोगशाला भवन निर्माण, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ऐंठी में पुस्तकालय व आर्ट-क्राफ्ट भवन निर्माण तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पलाण में शौचालय निर्माण शामिल हैं।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष आनंद सिंह नेगी, प्रदेश सहकारी संघ अध्यक्ष मातवर सिंह रावत, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नेगी, अमर सिंह रावत, हरेंद्र, राकेश, दिलीप रावत, पृथ्वी सिंह, मनवर सिंह सहित जिला पंचायत सदस्य वंदना रौथान, रजनी और अनीता जोशी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।



