उत्तराखंडबड़ी खबरयूथ कार्नरशिक्षासामाजिकस्वास्थ्य

पौड़ी गढ़वाल के सभी राशनकार्ड धारकों को E-KYC कराना अनिवार्य, ‘मेरा केवाईसी ऐप’ से घर बैठे करें अपडेट

Listen to this article

पौड़ी, 13 मई। जनपद पौड़ी गढ़वाल में सभी राशनकार्ड धारकों एवं राशनकार्ड में दर्ज प्रत्येक सदस्य की ई-केवाईसी कराना अब अनिवार्य कर दिया गया है। शासन के निर्देशों के तहत सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह प्रक्रिया लागू की गई है।

प्रत्येक यूनिट की शत-प्रतिशत ई-केवाईसी कराने के निर्देश : DSO
जिला पूर्ति अधिकारी DSO अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि भारत सरकार द्वारा जारी ‘मेरा केवाईसी ऐप’ के माध्यम से उपभोक्ता घर बैठे ही ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके लिए राशन कार्ड में दर्ज प्रत्येक सदस्य का आधार कार्ड एवं आधार से लिंक सक्रिय मोबाइल नंबर होना आवश्यक है। सत्यापन के दौरान संबंधित मोबाइल नंबर पर ओटीपी प्राप्त होगा।

उन्होंने बताया कि फेस ऑथेंटिकेशन के लिए स्मार्टफोन का कैमरा अच्छी गुणवत्ता का होना चाहिए तथा इंटरनेट सुविधा सुचारु रूप से उपलब्ध होनी चाहिए। जिन उपभोक्ताओं को मोबाइल ऐप के माध्यम से ई-केवाईसी कराने में कठिनाई हो रही है, वे अपने राशन कार्ड, आधार कार्ड और मोबाइल नंबर के साथ नजदीकी उचित दर की दुकान पर जाकर भी यह प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं।

गूगल प्ले स्टोर से मेरा केवाईसी ऐप डाउनलोड एवं इंस्टाल करें
ई-केवाईसी की प्रक्रिया के तहत उपभोक्ताओं को सबसे पहले गूगल प्ले स्टोर अथवा ऐप स्टोर से ‘मेरा केवाईसी ऐप’ डाउनलोड एवं इंस्टॉल करना होगा। इसके बाद ‘आधार फेस आरडी’ ऐप भी डाउनलोड करना आवश्यक है। ऐप में लॉगिन करने के बाद ‘सेलेक्ट स्टेट’ में उत्तराखंड का चयन कर ‘वेरिफाई लोकेशन’ पर क्लिक करना होगा।

‘ई-केवाईसी सक्सेसफुल’ का संदेश मिलते ही आपका काम पूरा
इसके बाद 12 अंकों का आधार नंबर दर्ज कर मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी अंकित करना होगा। सत्यापन के बाद संबंधित जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देगी। ‘फेस केवाईसी’ विकल्प पर क्लिक करते ही कैमरा सक्रिय हो जाएगा, जिसमें चेहरे को समान दूरी पर रखते हुए आंखों की पलकें झपकानी होंगी। प्रक्रिया पूर्ण होने पर स्क्रीन पर ‘ई-केवाईसी सक्सेसफुल’ का संदेश प्रदर्शित होगा।

जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी राशनकार्ड धारकों से अपील की है कि वे अपने परिवार के सभी सदस्यों की ई-केवाईसी शीघ्र पूर्ण कराना सुनिश्चित करें, ताकि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत मिलने वाले लाभ बिना किसी बाधा के प्राप्त होते रहें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button