RCB के सामने GT का किला ध्वस्त, विजय माल्या ने लिखा, आरसीबी नम्मा दोड्डा सिम्हागलु

स्पोर्ट्स डेस्क। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 के पहले क्वालीफायर मुकाबले में पूर्व चैंपियन गुजरात टाइटंस को 92 रनों से करारी शिकस्त देकर फाइनल का टिकट कटा लिया है। आरसीबी के 254 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। आरसीबी की इस धमाकेदार जीत ने न सिर्फ फैंस को झूमने पर मजबूर किया बल्कि इस मैच के दौरान कई ऐसे ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी बने जिन्होंने आईपीएल के इतिहास को पूरी तरह से बदल दिया है।
लगातार दूसरी बार फाइनल में आरसीबी
आईपीएल 2025 की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इस साल भी फाइनल में पहुंचकर एक बेहद खास क्लब में अपनी जगह पक्की कर ली है। आईपीएल के इतिहास में डिफेंडिंग चैंपियन (विजेता) रहते हुए अगले ही साल लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचने का कारनामा चुनिंदा टीमें ही कर सकी हैं। आरसीबी अब इस एलीट लिस्ट में चेन्नई सुपर किंग्स (2010-11, 2011-12, 2018-19), मुंबई इंडियंस (2019-20) और गुजरात टाइटंस (2022-23) के बाद शामिल होने वाली चौथी टीम बन गई है।
‘यह हमारे लिए शानदार मैच था। खासकर हमारे बैटर्स ने जिस तरह से डॉमिनेट किया और हर खिलाड़ी जिस इंटेंट के साथ खेल रहा था, वह हमारे लिए अच्छा था। गुजरात के गेंदबाजों पर हमला करने का हमारा पहले से प्लान नहीं था। लेकिन मुझे लगता है कि हम इसके लिए तैयार थे, क्योंकि आपको ऐसी बॉडी लैंग्वेज दिखानी होती है जिससे लगे कि हम आपके लिए पूरी तरह से हैं। आज हमारे हर बल्लेबाज में वो बात दिख रही थी।’
रजत पाटीदार, कप्तान, आरसीबी
‘पिच के बर्ताव से मैं ज्यादा हैरान नहीं हूं। मुझे लगता है कि हम पारी के 12वें या 13वें ओवर तक मैच में काफी हद तक बने हुए थे। हमने कुछ अहम कैच छोड़े और ग्राउंड फील्डिंग भी काफी खराब थी। निश्चित रूप से यह एक ऐसा मैच है जिसे हम भूलकर मोहाली में एक नई शुरुआत करना चाहेंगे। टीम मीटिंग और अभ्यास सत्रों में हम इन गलतियों पर बात करते हैं। हमारी तरफ से तीव्रता पूरी थी, लेकिन दबाव की परिस्थितियों में हम उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए।’
शुभमन गिल, कप्तान, गुजरात टाइटंस
विजय माल्या ने सोशल मीडिया पर क्या लिखा?
आरसीबी के खिताबी मुकाबले में जगह पक्की करते ही विजय माल्या ने सोशल मीडिया पर टीम के लिए अपना प्यार और कन्नड़ शब्दों का इस्तेमाल करते हुए बधाई संदेश भेजा। उन्होंने लिखा, ‘आज रात धर्मशाला में शानदार जीत के लिए आरसीबी नम्मा दोड्डा सिम्हागलु (हमारे बड़े शेरों) को बहुत-बहुत बधाई। आप बेंगलुरु के शेरों की तरह जोर से दहाड़े और डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में शान से आईपीएल फाइनल में प्रवेश किया।’ भले ही माल्या अब टीम के मालिकाना हक से दूर हैं, लेकिन बेंगलुरु की टीम और उसके फैंस के लिए उनका लगाव आज भी कम नहीं हुआ है।
सबसे ज्यादा बार फाइनल खेलने के मामले में केकेआर को पछाड़ा
इस जीत के साथ ही आरसीबी ने सबसे ज्यादा बार आईपीएल फाइनल खेलने के मामले में कोलकाता नाइट राइडर्स को पीछे छोड़ दिया है। आरसीबी अब तक 5 बार फाइनल में पहुंच चुकी है, जहां उनके नाम 1 खिताब दर्ज है। इस सूची में चेन्नई सुपर किंग्स 10 फाइनल (5 जीत) के साथ टॉप पर है जबकि मुंबई इंडियंस 6 फाइनल (5 जीत) के साथ दूसरे नंबर पर है। आरसीबी इस लिस्ट में अब तीसरे पायदान पर मजबूती से आ गई है।
प्लेऑफ इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी जीत का कीर्तिमान
रनों के लिहाज से आरसीबी ने गुजरात को 92 रनों से हराकर आईपीएल प्लेऑफ/नॉकआउट इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज कर ली है। इस लिस्ट में ऑल-टाइम रिकॉर्ड राजस्थान रॉयल्स के नाम है जिसने साल 2008 के सेमीफाइनल में दिल्ली को 105 रनों से शिकस्त दी थी। आरसीबी ने अब चेन्नई सुपर किंग्स के उस रिकॉर्ड (86 रन बनाम दिल्ली, 2012) को पीछे छोड़ दिया है और दूसरे नंबर पर अपना कब्जा जमा लिया है।
हार के बावजूद तेवतिया और सिराज ने रच दिया इतिहास
जब गुजरात की पारी पूरी तरह लड़खड़ा चुकी थी तब राहुल तेवतिया और मोहम्मद सिराज ने मिलकर 9वें विकेट के लिए 68 रन की ऐतिहासिक साझेदारी कर डाली। हालांकि यह साझेदारी गुजरात को जीत तो नहीं दिला सकी, लेकिन यह आईपीएल इतिहास में 9वें विकेट के लिए की गई दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी बन गई है। इस लिस्ट में टॉप पर साल 2023 में राशिद खान और अल्जारी जोसेफ द्वारा मुंबई के खिलाफ बनाई गई 88 रनों की पार्टनरशिप है।



