उत्तराखंडक्राइमबड़ी खबरसामाजिकस्वास्थ्य

देहरादून में युवक की हत्या के बाद 25 मुस्लिम परिवार घर छोड़ भागे, गांव में सन्नाटा, पुलिस का पहरा

Listen to this article

हरबर्टपुर, 15 जून। विनोद कश्यप की हत्या के बाद सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के बैरागीवाला में भड़के बवाल ने गांव की सामाजिक तस्वीर ही बदल दी है। हिंसा, आगजनी और तनाव के बीच 25 से अधिक मुस्लिम परिवार रात के अंधेरे में अपने घर छोड़कर रिश्तेदारों के यहां चले गए हैं। गांव के मुस्लिम मोहल्लों में सन्नाटा पसरा है और लोग भय के माहौल में जी रहे हैं। पुलिस की कड़ी निगरानी के बावजूद परिवारों के मन से असुरक्षा और दहशत का डर नहीं निकल पा रहा है।

दो आरोपियों में घरों में आग लगाने से पूरे क्षेत्र में फैली दहशत

विनोद कश्यप
युवक की मौत के बाद गांव में बड़ी संख्या में बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और अन्य संगठनों के कार्यकर्ता पहुंच गए। स्थानीय लोग भी सड़कों पर उतर आए। हाथों में डंडे लिए भीड़ एक मस्जिद की ओर बढ़ी, जिसे पुलिस ने मुश्किल से रोका। कार्यकर्ताओं ने आरोपियों के मकानों पर कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी थी कि सुबह 10 बजे तक कार्रवाई नहीं होने पर वे स्वयं कदम उठाएंगे। निर्धारित समय तक कार्रवाई नहीं होने पर आरोपियों के दो घरों में आग लगा दी गई, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।

शनिवार रात से ही मुस्लिम परिवार घरों में ताला लगाकर भागे
घटनाक्रम के बाद शनिवार रात से ही कई मुस्लिम परिवार अपने घरों में ताले लगाकर रिश्तेदारों के यहां चले गए। कुछ लोग जल्दबाजी में बिना ताला लगाए ही घर छोड़ गए। गांव में करीब 25 से अधिक घर बंद पड़े हैं। मुस्लिम बाहुल्य गलियों में सन्नाटा है और लोग किसी भी अनजान आहट पर घरों के भीतर से झांककर हालात का अंदाजा लगा रहे हैं। मौजूदा परिस्थितियों के कारण अधिकांश परिवार खुलकर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।

बेहद दुखद घटना हुई. जीवन तो वापस नहीं लाया जा सकता है, लेकिन मैंने पहले ही दिन कहा था कि मामले में पुलिस प्रशासन ऐसा एक्शन लेगा, जो नजीर बनेगा. जहां तक कानून की सीमा होती है, वहां पर शासन प्रशासन ने सख्त कदम उठाने का काम किया. किसी भी कीमत पर गुंडागर्दी को अपने प्रदेश और इस विधानसभा में बर्दाश्त नहीं करूंगा. जो सख्त से सख्त कार्रवाई होगी, वो की जाएगी.
मुन्ना सिंह चौहान विकासनगर विधायक

गांव में चप्पे-चप्पे पर पुलिस का कड़ा पहरा
रविवार को पुलिस पर पथराव की घटना के बाद मुस्लिम परिवारों में सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई। रात के अंधेरे में भी कई परिवार गांव छोड़कर सुरक्षित ठिकानों की ओर निकल गए। हालांकि प्रशासन ने गांव के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात कर रखा है, लेकिन भय का माहौल अभी भी कायम है। मिश्रित आबादी वाले बैरागीवाला में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है और लोग हालात पूरी तरह सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं।

बैरागीवाला स्थित घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम किया और परिजनों को सौंप दिया. जिसके बाद विनोद कश्यप की अंतिम यात्रा निकाली गई. इस दौरान उनके देह के ऊपर बीजेपी का झंडा ओढाकर सम्मान दिया गया. फिर बैरागीवाला में स्थित घाट पर विनोद का अंतिम संस्कार किया गया. इस दौरान काफी संख्या में लोग शामिल हुए. सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल भी तैनात रहा. अभी भी गांव में फोर्स तैनात है. वहीं, विकासनगर विधायक मुन्ना चौहान मामले में दो टूक कहा कि आरोपियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी, जो नजीर पेश करेगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button