उत्तराखंडक्राइमदेश-विदेशपर्यटनयूथ कार्नरशिक्षासामाजिक

बदरीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी के खिलाफ विधायक बुटोला का 1 घंटे का मौन व्रत, BKTC अध्यक्ष को हटाने की मांग

Listen to this article

चमोली, 7 जुलाई, 26. बदरीनाथ धाम से जुड़े कथित चढ़ावा विवाद के बीच अब जनाक्रोश सड़क पर उतर आया है. जोशीमठ के मुख्य चौराहे पर जहां स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों ने प्रदेश सरकार एवं मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया, तो वहीं आज बदरीनाथ धाम में इसी मामले को लेकर विधायक लखपत बुटोला सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मौन व्रत शुरू किया. मौन व्रत करीब एक घंटे चला. कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने बीकेटीसी अध्यक्ष को हटाने की मांग की है.

बदरीनाथ कथित दान चोरी के खिलाफ कांग्रेस विधायक का मौन व्रत
भू बैकुंठ नगरी श्री बदरीनाथ धाम में कथित चढ़ावा, दान चोरी प्रकरण की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस विधायक लखपत सिंह बुटोला ने ब्लॉक प्रमुख ज्योतिर्मठ अनूप नेगी सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं संग मंदिर सिंह द्वार के बाहर परिसर में मौन व्रत किया है. उन्होंने BKTC प्रशासन सहित सरकार पर मामले को दबाने का आरोप लगाते हुए इस कथित चढ़ावा दान चोरी प्रकरण की कड़ी जांच की मांग की है.

लखपत बुटोला ने एसआईटी जांच की मांग की
बदरीनाथ सीट से कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने पूरे प्रकरण में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ उच्च स्तरीय न्यायिक या एसआईटी जांच की मांग की है. विधायक लखपत सिंह बुटोला ने बदरीनाथ धाम पहुंचकर पहले भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए. उसके बाद कहा कि यह सिर्फ पैसों का भ्रष्टाचार नहीं है, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था, सनातन संस्कृति और स्वाभिमान पर चोट है.

बीकेटीसी की चार सदस्यीय टीम कर रही है जांच
मामले की शीघ्र जांच और कार्रवाई को लेकर आज मंगलवार सुबह विधायक लखपत बुटोला, ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी संग बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता बदरीनाथ सिंह द्वार के बाहर परिसर में मौन व्रत पर बैठ गए. अयोध्या के राम मंदिर में सामने आए दान चोरी प्रकरण के बाद अब बदरीनाथ मंदिर में भी चढ़ावे और दान की धनराशि में हेराफेरी के आरोप लगे हैं. बीकेटीसी की चार सदस्यीय जांच समिति इस प्रकरण की जांच कर रही है.

भैरव सेना ने लगाया है दान चोरी का आरोप
भैरव सेना नाम के संगठन ने बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के कर्मचारियों और मंदिर समिति के अधिकारियों पर चढ़ावे की राशि में आर्थिक हेराफेरी का गंभीर आरोप लगाया है. वहीं इस मामले को लेकर बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति BKTC ने 4 सदस्यीय जांच समिति का गठन कर दिया है. इसके साथ ही गणना प्रक्रिया में शामिल कर्मचारियों और अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं.

गौरतलब है कि हाल ही में बदरीनाथ धाम में चढ़ावे और दान को लेकर कथित गड़बड़ी के आरोप सामने आए हैं. इस पर जांच समिति भी गठित की गई है. प्रदर्शनकारियों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की. उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की घटनाएं श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंचा रही हैं, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी को हटाने की मांग
प्रदर्शन के बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित किया, जिसमें बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी को हटाने, मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है.
ये भी पढ़ें:

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button