
देहरादून, 7 जुलाई, 26. जनपद की 1163 ग्राम पंचायतों में रिक्त उप प्रधान पदों के लिए 15 जुलाई 2026 को निर्वाचन कराया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने निर्वाचन कार्यक्रम की अधिसूचना जारी कर दी है। चुनाव की पूरी प्रक्रिया संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर एक ही दिन में संपन्न होगी। जिसे लेकर पंचायती राज विभाग और जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
कैसे होगी चुनाव प्रक्रिया
हालिया पंचायत चुनावों में संबंधित ग्राम पंचायतों से जो वार्ड सदस्य जीतकर आए हैं वे ही अपने बीच में से किसी एक सदस्य को उप प्रधान के रूप में चुनेंगे। यदि किसी सीट पर दो उम्मीदवारों को बराबर वोट मिलते हैं तो ऐसी स्थिति में टॉस या लॉटरी प्रणाली के जरिये विजेता का फैसला किया जाता है।
नामांकन, मतदान और मतगणना की पूरी प्रक्रिया एक ही दिन होगी संपन्न
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार निर्वाचन कार्यक्रम के तहत प्रातः 10:00 बजे से 11:00 बजे तक नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। दोपहर 12:00 बजे से 12:30 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जबकि 12:30 बजे से 1:00 बजे तक चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद शाम 4:00 बजे से मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित होने तक जारी रहेगी।
निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के डीएम ने दिये निर्देश
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी संबंधित ग्राम पंचायतों के मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने और अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है।
जनपद की कुल 1166 ग्राम पंचायतों में से 1163 ग्राम पंचायतों में उप प्रधान पद के लिए चुनाव कराए जाएंगे। शेष तीन ग्राम पंचायतों में प्रधान पद रिक्त होने के कारण पहले प्रधान पद का निर्वाचन कराया जाएगा। इसके उपरांत वहां उप प्रधान एवं पंचायत सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराने तथा चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन द्वारा निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर पीठासीन अधिकारी और पर्यवेक्षकों की नियुक्तियां कर दी गयी हैं।



