अय्यर-गंभीर की जोड़ी ने फिर कटाई नाक, टीम इंडिया ने गंवाई बैक टू बैक दूसरी सीरीज

स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टी20 मैचों की सीरीज का चौथा मैच गुरुवार (9 जुलाई) को ब्रिस्टल में हुआ. भारतीय टीम को सीरीज में जिंदा रहने के लिए और सीरीज ड्रॉ करने के लिए यह मैच जरूरी था, लेकिन भारतीय टॉप ऑर्डर की नाकामी और फिर गेंदबाजों के खराब प्रदर्शन के कारण भारत को इस मैच में भी हार मिली।
भारतीय टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की.कप्तान श्रेयस अय्यर ने कप्तानी पारी खेली. श्रेयस अय्यर की 49 गेंदों पर 80 रन की नाबाद पारी के दम पर भारत ने 7 विकेट के नुकसान पर 158 रन बनाए. इंग्लैंड की टीम ने 159 रन का लक्ष्य 43 गेंद शेष रहते एक विकेट खोकर हासिल कर लिया.
13, 14, 15! वैभव सूर्यवंशी को लगी किसकी नजर?
अपने पहले तीन इंटरनेशनल मैचों में वैभव सूर्यवंशी के बल्ले से क्रमशः 14, 13 और 15 रनों की पारियां निकली हैं। इस मैच में भी उन्होंने 10 गेंदों का सामना करते हुए 1 चौके और 1 छक्के की मदद से 15 रन बनाए लेकिन वह अपनी इस शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील करने में पूरी तरह नाकाम रहे। आउट होने के बाद सूर्यवंशी खुद से बेहद निराश दिखे और सिर झुकाकर बेहद धीमी कदमों से पवेलियन की तरफ लौट गए।
इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाईं
159 रनों के इस आसान से लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने भारतीय गेंदबाजों को मैदान के चारों कोने में दौड़ाया। ओपनर फिलिप साल्ट और कप्तान हैरी ब्रूक ने भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाकर रख दीं। साल्ट ने 42 गेंदों में 9 चौकों और 1 छक्के की मदद से नाबाद 59 रनों की कप्तानी पारी खेली। वहीं, कप्तान हैरी ब्रूक ने तो और भी ज्यादा आक्रामक रुख अपनाते हुए मात्र 35 गेंदों में 8 चौके और 4 छक्के जड़कर नाबाद 79 रन कूट दिए। इन दोनों की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर इंग्लैंड ने महज 13.5 ओवरों में 1 विकेट खोकर 159 रन बना लिए और भारत को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। यह इंग्लैंड की भारत के खिलाफ पहली टी20 सीरीज जीत है।
ब्रिस्टल में जीत के बाद 5 मैचों की सीरीज में इंग्लैंड 3-0 की अजेय बढ़त बना चुका है, अब एक मैच बाकी है, जो साउथम्पटन में होना है. चेस्टर – ले – स्ट्रीट में खेल गया पहला मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था, वहीं गौर करने वाली बात यह है कि श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया अब तक एक भी टी20 मैच नहीं जीत सकी है.
अकेले लड़ते रहे श्रेयस अय्यर! वैभव, ईशान, तिलक, अभिषेक सब हो गए फेल
इससे पहले कप्तान श्रेयस अय्यर के नाबाद अर्धशतक के बावजूद इंग्लैंड के खिलाफ 7 विकेट पर 158 रन ही बना सका। अय्यर ने 49 गेंद में चार चौकों और पांच छक्कों से नाबाद 80 रन की पारी खेलने के अलावा शिवम दुबे (22) के साथ चौथे विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी भी की। अय्यर के अलावा भारत का कोई बल्लेबाज लय में नजर नहीं आया। कप्तान ने भारतीय पारी में आधे से अधिक रन बनाए।
जोफ्रा आर्चर और टंग ने झटके विकेट
इंग्लैंड की ओर से तेज गेंदबाजों जोफ्रा आर्चर और जोश टंग ने क्रमश: 20 और 36 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरे भारत की शुरुआत खराब रही जब वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर नाकाम रहे और सिर्फ 15 रन बनाने के बाद आर्चर की गेंद को मिड ऑन पर सैम कुरेन के हाथों में खेल गए।
इस मुकाबले के लिए भारतीय टीम में दो बदलाव हुए, हालांकि संजू सैमसन को टीम में मौका नहीं मिला. हर्षित राणा और वरुण चक्रवर्ती इंजरी की वजह से टीम में नहीं हैं. उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा और वॉशिंंगटन सुंदर को शामिल किया गया.
चौथे टी20 में भारत की प्लेइंग-11: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेट कीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा
चौथे टी20 में इंग्लैंड की प्लेइंग-11: फिल साल्ट, जोस बटलर (विकेट कीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, जोश टंग
भारत का इंग्लैंड दौरा (टी20)
• 1 जुलाई: पहला टी20, चेस्टर ले स्ट्रीट
• 4 जुलाई: दूसरा टी20, मैनचेस्टर
• 7 जुलाई: तीसरा टी20, नॉटिंघम
• 9 जुलाई: चौथा टी20, ब्रिस्टल
• 11 जुलाई: पांचवां टी20, साउथम्प्टन



