
यमकेश्वर, 9 जुलाई, 26. गुरुवार सुबह बीन नदी का जल स्तर अचानक बढ़ने से एक स्कूटी सवार युवक तेज बहाव में फंस गया। तेज बहाव के साथ युवक स्कूटी समेत धीरे-धीरे खाई की ओर जाने लगा था, इस दौरान कई लोगों ने मानव श्रृंखला बनाकर युवक को बचाया।
ग्रामीणों के अनुसार, घटना गुरुवार सुबह करीब 10 बजे की है। बीन नदी में जल स्तर बढ़ा हुआ था। इस दौरान एक स्कूटी सवार पशुलोक-चीला मार्ग से होता हुआ बीन नदी को पार करने का प्रयास करने लगा। पानी का बहाव तेज होने के कारण वह कुछ दूरी के बाद आगे बढ़ नहीं सका। कुछ देर बाद युवक स्कूटी समेत बहाव की चपेट में आने लगा था।
इस दौरान नदी के दूसरी ओर खड़े कई राहगीरों ने हिम्मत का परिचय देते हुए मानव श्रृंखला बनाई और तेज बहाव को पार करते हुए फंसे युवक के पास पहुंचे। उन्होंने युवक को सुरक्षा गहरे में लेते हुए नदी को पार कराया और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। लोगों की बहादुरी के लिए फंसे हुए युवक ने उनका आभार जताया। हालांकि, कुछ देर बाद नदी का जल स्तर सामान्य हो गया।
यमकेश्वर के कई मोटर मार्ग हुए बाधित
बीती बुधवार रात से लगातार हो रही मूसलधार वर्षा से यमकेश्वर क्षेत्र में कई मोटर मार्ग बाधित रहे। नीलकंठ पार्किंग के समीप पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर सड़क पर आ गिरे, जिससे मार्ग कई घंटे बाधित रहा। साथ ही मोहनचट्टी–सिलोगी मोटर मार्ग पर मोहनचट्टी के समीप भी मलबा गिरने के कारण यातायात ठप रहा। इससे यात्रियों व क्षेत्रवासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से मार्ग से मलबा व बोल्डर हटाने में जुटा रहा। कई घंटे की कड़ी मेहनत के बाद मार्ग पर यातायात सुचारू हो सका। वहीं, प्रशासन ने लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने व पहाड़ी मार्गों पर पूरी सावधानी बरतने की अपील की है।



