
पौड़ी, 11 जुलाई, 26. उत्तराखंड में पौड़ी गढ़वाल जिले के खिर्सू ब्लॉक में जाख गांव के डाकघर में खाताधारकों के खातों से अवैध निकासी और वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आया है. मामले को लेकर खाताधारकों और जनप्रतिनिधियों ने कोतवाली श्रीनगर में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है. खाताधारकों का आरोप है कि डाकघर के कर्मचारियों द्वारा दो खातों से करीब एक लाख 80 हजार रुपये की अवैध निकासी की गई है. साथ ही उन्होंने खातों में जमा की गई राशि की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई है.
क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरजीत सिंह बिष्ट ने बताया कि एक खाताधारक के खाते से करीब 80 हजार रुपये और दूसरे के खाते से लगभग एक लाख रुपये की निकासी बिना जानकारी के की गई है. शिकायत मिलने के बाद पौड़ी से डाक विभाग की एक जांच टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच में खातों में जमा और निकासी से जुड़ी कई अनियमितताएं सामने आई हैं.
ब्रांच पोस्टमास्टर और सहायक पोस्टमास्टर दोनों संदेह के घेरे में
ग्रामीणों ने जाख डाकघर के हरियाणा मूल के ब्रांच पोस्टमास्टर और सहायक पोस्टमास्टर पर खाताधारकों के खातों से फर्जी तरीके से धनराशि निकालने के गंभीर आरोप लगाए थे. इस मामले को लेकर जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मुख्य डाकघर पौड़ी पहुंचकर डाक अधीक्षक से मुलाकात की और निष्पक्ष जांच के साथ आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी.
अनियमितता के आरोप में दोनों कर्मचारी तत्काल प्रभाव से निलंबित
ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें अपनी जीवनभर की मेहनत की कमाई की सुरक्षा को लेकर चिंता है. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है. साथ ही डाकघर में तैनात बाहरी प्रदेशों से आए कर्मचारियों की नियुक्ति और कार्यप्रणाली की भी जांच कराने की मांग उठाई है. फिलहाल डाक विभाग की जांच जारी है और शिकायत के आधार पर पुलिस भी मामले की जांच कर रही है.
विकासखंड खिर्सू के जाख डाकघर में कथित फर्जी निकासी के मामले में डाक विभाग ने जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है. डाकघर का कामकाज प्रभावित न हो, इसके लिए विभाग ने फिलहाल एक कर्मचारी की तैनाती की है. दोनों कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया.
-विपिन भट्ट, डाक अधीक्षक
ग्राम प्रधान को जाख डाकघर से जुड़े सभी खाताधारकों की पासबुक विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं. जाख डाकघर के अंतर्गत जाख, दोंदड़ी, चिमनियूं, थापला, संगलदर और असिंगी गांवों के लगभग 350 खाताधारक हैं. सभी खातों की पासबुक और लेन-देन का रिकॉर्ड खंगाला जाएगा. जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किन खातों से कितनी धनराशि की फर्जी निकासी हुई है.
-अवधेश कुमार, डाक निरीक्षक और जांच अधिकारी
ग्राम प्रधान ने आरोप लगाया कि डाक कर्मचारियों ने उनकी पंजीकृत डाक स्वयं रिसीव कर ली, लेकिन उसे संबंधित व्यक्ति तक नहीं पहुंचाया. उन्होंने यह भी कहा कि कर्मचारी ग्रामीणों से ठीक व्यवहार नहीं करते थे और इस संबंध में पहले भी विभागीय अधिकारियों से शिकायत की गई थी, लेकिन उस समय कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई. अब फर्जी निकासी का मामला सामने आने के बाद विभाग ने जांच शुरू कर दी है.



