उत्तराखंडक्राइमदेश-विदेशबड़ी खबर

आस्था पर चोट! बदरीनाथ मंदिर में काउंटिंग रूम से सोने के सिक्के ले जाते CCTV में कैद हुआ आरोपी कर्मचारी

Listen to this article

गोपेश्वर/बदरीनाथ, 12 जुलाई, 26. बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावे की हेराफेरी मामले की जांच अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। पुलिस को मंदिर परिसर और गणना कक्ष में लगे CCTV सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से अहम साक्ष्य मिले हैं। फुटेज में बीकेटीसी का आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल मोबाइल फोन के नीचे नोटों की गड्डी, सोने-चांदी जैसे सिक्के और धार्मिक वस्तुएं लेकर बाहर निकलता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने इन साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी की तैयारी भी शुरू कर दी है।

2 जुलाई की सीसीटीवी फुटेज में हुआ खुलासा
पुलिस के अनुसार, दो जुलाई की सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया गया है। इसमें आरोपी कर्मचारी तीन अलग-अलग बार गणना कक्ष में प्रवेश करता और हर बार हाथ में कुछ सामान लेकर बाहर आता दिखाई देता है। उस समय गणना कक्ष में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की गिनती चल रही थी। फुटेज में उसके हाथ में सोने-चांदी जैसे सिक्कों के अलावा शालिग्राम जैसी धार्मिक वस्तु भी दिखाई देने की बात सामने आई है। आरोपी दान पत्रों के नोटों की गड्डियां (500 और 100 रुपये के नोट), सोने-चांदी के सिक्के, शालिग्राम पत्थर और चढ़ावे के लिफाफे को संदिग्ध रूप से छिपाते और ले जाते हुए साफ दिख रहा है।

शनिवार को भी पुलिस टीम ने मंदिर परिसर में पहुंचकर मामले की विवेचना जारी रखी। सीसीटीवी फुटेज में जहां-जहां संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दे रही हैं, उन्हें आधार बनाकर बीकेटीसी के कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटना से पहले की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा सकें।

बीकेटीसी ने जांच रिपोर्ट मुख्य कार्याधिकारी को सौंपी
इस बीच बीकेटीसी की आंतरिक जांच भी पूरी हो चुकी है। समिति की जांच रिपोर्ट जल्द ही मुख्य कार्याधिकारी को सौंपी जाएगी। पुलिस उपाधीक्षक एवं विवेचना के पर्यवेक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रही संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटना से पहले की रिकॉर्डिंग का भी गहन परीक्षण किया जा रहा है।

5 से 12 जुलाई तक आकस्मिक अवकाश पर था आरोपी
चढ़ावा हेराफेरी का मामला सामने आने के बाद आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल ने 5 से 12 जुलाई तक आकस्मिक अवकाश लिया था। रविवार को उसका अवकाश समाप्त हो रहा है। बीकेटीसी पहले ही उसे निलंबित कर ज्योतिर्मठ कार्यालय से संबद्ध कर चुकी है। संभावना है कि सोमवार को वह ज्योतिर्मठ कार्यालय में उपस्थित हो सकता है।

आरोपी की गिरफ्तारी जल्द संभव
आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल का मोबाइल फोन अब भी स्विच ऑफ है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच और पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी करेगी। इस मामले में 16 जुलाई को हाईकोर्ट में होने वाली सुनवाई पर भी पुलिस की नजर है। जांच टीम के पर्यवेक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि मामले से जुड़े सभी साक्ष्यों का संकलन किया जा रहा है। जो भी तथ्य या व्यक्ति संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, उसकी पुष्टि बीकेटीसी कर्मचारियों से कराई जा रही है। जांच जल्द पूरी कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हाईकोर्ट पहुंचा मामला
आरोपी प्रमोद नौटियाल ने अपने निलंबन और एफआईआर के खिलाफ उत्तराखंड हाईकोर्ट की शरण ली है, जिस पर माननीय अदालत ने मंदिर समिति से जवाब मांगा है और अगली सुनवाई 16 जुलाई को होनी तय हुई है।

करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस धाम में इस तरह की घटना सामने आने के बाद मंदिर समिति अब काउंटिंग रूम में ब्लाइंड स्पाट्स को खत्म करने और सुरक्षा को और कड़ा करने पर विचार कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button