जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 6 के लिए प्रवेश प्रक्रिया जारी, 31 जुलाई है लास्ट डेट

नई दिल्ली, 12 जुलाई, 26. जवाहर नवोदय विद्यालय में एडमिशन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। नवोदय विद्यालय समिति (NVS) ने जवाहर नवोदय विद्यालय क्लास-6 में एडमिशन के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। योग्य छात्र ऑफिशियल वेबसाइट https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs पर जाकर ऑनलाइन एप्लीकेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 31 जुलाई 2026 तक चलेगी। आवेदन के समय कौन-कौन से डॉक्यूमेंट्स चाहिए और अगर उनमें से कोई डॉक्यूमेंट न हो तो क्या विकल्प है? यहां देखें जरूरी जानकारी।
जवाहर नवोदय विद्यालय क्या है ?
जवाहर नवोदय विद्यालय भारत सरकार द्वारा बनाए गए रेजिडेंशियल स्कूल हैं, जिनका मकसद प्रतिभाशाली छात्रों, खासकर ग्रामीण इलाकों में रहने वाले छात्रों को अच्छी शिक्षा देना है। इन स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को कक्षा 8 तक फ्री एजुकेशन, हॉस्टल की सुविधा, किताबें और यूनिफॉर्म मिलती हैं। पढ़ाई के साथ-साथ खेल-कूद, सांस्कृतिक गतिविधियों और छात्रों के सर्वांगीण विकास पर भी बराबर ध्यान दिया जाता है। सभी जवाहर नवोदय विद्यालय सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) से जुड़े हैं।
28 नवंबर को होगा एग्जाम
एनवीएस द्वारा जवाहर नवोदय विद्यालय सिलेक्शन टेस्ट (JNVST) 28 नवंबर, 2026 को आयोजित किया जाएगा। JNVST 2027 एग्जाम एक ही सेशन में सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक होगा। क्वेश्चन पेपर में 80 ऑब्जेक्टिव-टाइप सवाल होंगे, जिनके कुल 100 मार्क्स होंगे। सवाल मेंटल एबिलिटी, एनवायरनमेंटल स्टडीज, अरिथमेटिक और भाषा से पूछे जाएंगे। एग्जाम में कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं है और हर सही जवाब के लिए 1.25 मार्क्स मिलेंगे। दिव्यांग कैंडिडेट्स को पेपर पूरा करने के लिए 40 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
क्लास 6 के लिए योग्यता
क्लास 6 में एडमिशन के लिए NVS द्वारा बताई गई योग्यता शर्तों के अनुसार,
क्लास और स्कूल: 2026–27 एकेडमिक सेशन के दौरान किसी मान्यता प्राप्त स्कूल में कक्षा 5 में पढ़ रहा होना चाहिए। एक और जरूरी शर्त यह है कि छात्र ने कक्षा 3, 4 और 5 में से हर एक में बिना कोई क्लास छोड़े एक पूरा एकेडमिक साल पूरा किया हो। जो छात्र पहले ही कक्षा 5 पास कर चुके हैं या दोबारा कक्षा 5 में हैं, वे अप्लाई करने के योग्य नहीं हैं।
आयु सीमा: बच्चे का जन्म 1 मई, 2015 और 31 जुलाई, 2017 के बीच (दोनों तारीखें शामिल) हुआ होना चाहिए। SC, ST, OBC और दिव्यांग बच्चों के लिए भी यही नियम लागू हैं।
निवास: छात्र उसी जिले का निवासी होना चाहिए जहां एडमिशन चाहिए। इसके अलावा, उसी जिले के स्कूल में क्लास 5 में पढ़ा होना चाहिए।
आनलाइन फार्म भरने का तरीका
सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट cbseitms.rcil.gov.in पर जाएं।
होमपेज पर JNVST कक्षा 6 एडमिशन के लिए रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करें।
फॉर्म भरने से पहले योग्यता की शर्तें और निर्देश ध्यान से पढ़ें।
जरूरी पर्सनल, एकेडमिक और कम्युनिकेशन जानकारी भरें।
मांगे गए जरूरी डॉक्यूमेंट्स अपलोड करें।
फाइनल सबमिशन से पहले आवेदन फॉर्म में भरी गई सभी जानकारी को दोबारा देख लें।
फॉर्म जमा करें और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करें।
आगे के लिए कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड करके सेव कर लें।
कोई फीस नहीं
एप्लीकेशन प्रोसेस पूरी तरह से ऑनलाइन है और इसके लिए कोई रजिस्ट्रेशन फीस तय नहीं की गई है। फॉर्म जमा करने से पहले माता-पिता को सभी जानकारी ध्यान से देख लेनी चाहिए, क्योंकि नतीजे घोषित होने के बाद जानकारी और दस्तावेजों की जांच की जाएगी। कोई भी गलत जानकारी एडमिशन प्रक्रिया के दौरान परेशानी का कारण बन सकती है। यहां तक कि आवेदन भी रद्द हो सकता है।
नवोदय विद्यालय एडमिशन के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट्स
छात्र का पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर, आधार कार्ड की डिटेल्स, निवास प्रमाण पत्र, आयु का प्रमाण पत्र/ जन्म प्रमाण पत्र, स्कूल की मार्कशीट, ग्रामीण क्षेत्र प्रमाण पत्र (अगर लागू हो), जाति प्रमाण पत्र (अगर लागू हो), दिव्यांगता प्रमाण पत्र (अगर लागू हो), ट्रांसजेंजर प्रमाण पत्र (अगर लागू हो), ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC)
अगर जरूरी डॉक्यूमेंट्स नहीं है तो क्या करें?
आधार कार्ड: अगर बच्चे का आधार कार्ड नहीं है या उसमें को दिक्कत है तो माता-पिता में से एक का सरकार द्वारा जारी वेलिड निवास प्रमाण पत्र अपलोड करके रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। वहीं अगर आधार कार्ड के लिए आवेदन किया है, लेकिन अभी तक बना नहीं है तो पेरेंट्स की सहमति के साथ आधार नामांकन पर्ची का इस्तेमाल कर सकते हैं।
ग्रामीण क्षेत्र का प्रमाण पत्र: अगर ग्रामीण कोटे के सीट का दावा कर रहे हैं, लेकिन स्कूल का रिकॉर्ड सरकारी UDISE पोर्टल पर दर्ज नहीं है, तो चयन रद्द नहीं होगा। ऐसे में किसी सक्षम सरकारी अधिकारी जैसे तहसीलदार, ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर या एजुकेशन अथॉरिटी द्वारा प्रमाणित किया हुआ ग्रामीण क्षेत्र का सर्टिफिकेट लगा सकते हैं, जिससे पता चल सके कि स्कूल ग्रामीण क्षेत्र में स्थित है।
SC, ST या OBC सर्टिफिकेट नहीं है: जारी प्रॉस्पेक्टस के अनुसार, आरक्षण का लाभ लेन के लिए आवेदन या परीक्षा की तारीख से पहले केंद्रीय सूची वाला सर्टिफिकेट होना अनिवार्य है। अगर डॉक्यूमेंट नहीं है, तो जनरल कैटेगरी में आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए प्रॉस्पेक्टस को ध्यान से पढ़ें और आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।



