उत्तराखंडदेश-विदेशबड़ी खबरमनोरंजनयूथ कार्नरशिक्षासामाजिक

हेमा करासी सहित प्रदेश की 13 महिलाओं को मिलेगा तीलू रौतेली पुरस्कार, 4 को होगा सम्मान कार्यक्रम

देहरादून, 2 सितम्बर। प्रदेश के प्रतिष्ठित तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए 13 महिलाओं का चयन किया गया है। पुरस्कार वितरण चार सितंबर को किया जाएगा। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए इस साल प्रदेश भर से कुल मिलाकर 13 महिलाओं का चयन किया गया है। इसके अलावा 33 महिलाओं को राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को पुरस्कार दिया जाएगा।

सभी महिलाओं को सशक्त करना सरकार की जिम्मेदारी
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि हमारी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां अपनी सामर्थ्य से बढ़कर काम कर रही हैं और उन्होंने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कई नए आयाम खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी महिलाओं को सशक्त करना सरकार की जिम्मेदारी है, इस काम में सरकार बिल्कुल भी पीछे नहीं रहेगी। उन्होंने बताया कि महिला सशक्तिकरण का असली काम हमारी आंगनबाड़ी बहनें करती हैं और उन्हें इसका श्रेय मिलना चाहिए। उन्होंने बताया कि सम्मान समारोह को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।

सम्मानित होने वालों में लोक गायिका हेमा करासी भी शामिल
यह आयोजन चार सितंबर को आईआरडीटी के सभागार में किया जाएगा। राज्य की जिन महिलाओं को राज्य स्तरीय तीलू रौतेली पुरस्कार-2024 के लिए चयनित किया गया है उसमें सामाजिक क्षेत्र में कार्य करने वाली महिलाओं में अल्मोड़ा निवासी मीता उपाध्याय, पौड़ी गढ़वाल की रेशमा देवी, पिथौरागढ़ की रेखा भट्ट, उत्तरकाशी की विजयलक्ष्मी जोशी को चयनित किया गया है। वहीं लोकगायन को नई ऊंचाइयां देने वाली सुप्रसिद्ध गायिका रुद्रप्रयाग निवासी हेमा नेगी करासी को चयनित किया गया है।

खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बागेश्वर की अलिशा मनराल, चंपावत की अनामिका बिष्ट, देहरादून की शिवानी गुप्ता, हरिद्वार की रूमा देवी, नैनीताल की सुश्री नैना, टिहरी गढ़वाल की साक्षी चौहान व ऊधमसिंह नगर की रेखा को पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए चमोली की सुरभि को सम्मानित किया जाएगा।देश विदेश की ताजा खबरों के लिए देखते रहिये https://sarthakpahal.com/

Related Articles

Back to top button