उत्तराखंडदेश-विदेशमनोरंजनयूथ कार्नरशिक्षासामाजिक

हरिद्वार में कांवड़ यात्रा का शुभारंभ, गंगाजल लेने हरकीपैड़ी पहुंचे शिवभक्त, नया ट्रैफिक प्लान लागू

हरिद्वार, 29 जुलाई, 26. गुरुवार से भगवान शिव की प्रिय कांवड़ यात्रा का शुभारंभ हो गया है। हरिद्वार में बम-बम भोले के जयकारों के साथ कांवड़ यात्री पहुंच रहे हैं। वहीं प्रशासन की ओर से विशेष ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया गया है। जिसके तहत 29 जुलाई की रात 12 बजे से हरिद्वार नगर क्षेत्र के भीतर सामान्य यातायात पर रोक लगा दी गई है।

दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, मंगलौर, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, सहारनपुर, छुटमलपुर, देहरादून, ऋषिकेश, नैनीताल, नजीबाबाद आदि क्षेत्रों से आने वाले सभी हल्के और भारी वाहनों के लिए अलग-अलग रूट और पार्किंग प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं। साथ ही मेला क्षेत्र में करीब 70 हजार वाहनों के लिए पार्किंग तय कर दी गई हैं।

देहरादून, ऋषिकेश से आने वाली सभी रोडवेज बसें नेपाली तिराहा, रायवाला, दूधाधारी तिराहा से मोतीचूर पार्किंग में जाएंगी। दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, पंजाब, हरियाणा से आने वाली सभी रोडवेज बसें ऋषिकुल मैदान में पार्क होंगी। बिजनौर, नजीबाबाद, मुरादाबाद, नैनीताल की ओर से आने वाली बसें नीलधारा या गौरीशंकर पार्किंग में खड़ी की जाएंगी।

नियंत्रण कक्ष सक्रिय
सीसीआर में कांवड़ कंट्रोल रूम बनाया गया है, जो बृहस्पतिवार से सक्रिय किया गया है। जिसके जरिए सुरक्षा व्यवस्था, सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सेवाओं पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। जनपद हरिद्वार में सुरक्षा के लिए करीब छह हजार सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई।

नारसन बार्डर तक 30 चिकित्सा शिविर स्थापित किये गये
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार हरकी पैड़ी से लेकर नारसन बॉर्डर तक 30 चिकित्सा शिविर स्थापित किए गए हैं। 450 चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती की गई है। आपात स्थिति में 108 सेवा के साथ-साथ बाइक एंबुलेंस भी मुस्तैद रखी गई है। नगर निगम की ओर से 1000 सफाईकर्मियों की तैनाती की गई है। 24 घंटे साफ-सफाई के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। प्रमुख स्थलों पर पेयजल टैंकर्स व मोबाइल शौचालय लगाए गए हैं।

हरकी पैड़ी पर उमड़ा शिवभक्तों का सैलाब, जयकारों से गूंजे घाट


हरिद्वार के प्रमुख घाटों पर बुधवार की सुबह से ही शिवभक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। ‘बम बम भोले’ के जयघोषों से गंगा तट गूंज उठा। रंग-बिरंगी सजावटों में सजी कांवड़ें, भक्ति गीतों पर थिरकते शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा है। स्थानीय व्यापारियों, सेवादारों और धार्मिक संस्थाओं द्वारा जगह-जगह जलपान व विश्राम शिविर लगाए गए हैं।

 30 जुलाई से कांवड़ मेले की विधिवत शुरुआत होने वाली है. जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम, खाद्य सुरक्षा विभाग समेत तमाम विभागों ने मेले की तैयारी पूरी कर ली है. पांच करोड़ कांवड़ियों के आने के अनुमान को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं की गई हैं.

कांवड़ मेले के लिए 300 अस्थाई शौचालय
कांवड़ मेले को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के लिए हरिद्वार नगर निगम ने 300 अस्थाई शौचालय और 1000 सफाई कर्मचारियों की तैनाती की है. साथ ही हरकी पैड़ी क्षेत्र में दो अत्याधुनिक मशीनें भी लगाई हैं. वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग भी कांवड़ियों की सेहत और स्वास्थ्य के लिए लगातार निरीक्षण और खाद्य पदार्थों की जांच कर रहा है. पिछले 15 दिनों में चालीस से ज्यादा खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए और न्यायालय में 07 वाद भी तैयार किए गए हैं.

 

मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि- कांवड़ मेले के दौरान स्वच्छता व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है. पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गई है. आधुनिक मशीनों का भी उपयोग किया जाएगा. पूरे मेला क्षेत्र से कूड़ा लगातार उठाकर तत्काल निस्तारण प्लांट भेजा जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके. प्रयास है कि दिन रात कूड़ा उठान का कार्य किया जाए, ताकि गंदगी के ढेर जमा न हो. आगामी कुंभ मेले के लिए 15 आधुनिक मशीनें लगाई जाएंगी.
-नंदन कुमार, नगर आयुक्त

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी एमएन जोशी ने बताया कि- जिलाधिकारी के निर्देश पर पिछली 15 जुलाई से ही निरीक्षण अभियान जारी है. 40 सैंपल लेकर रुद्रपुर लैब भेजे गए हैं. 7 वाद भी न्यायालय में दायर किए गए हैं. कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है. इसके लिए लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा.
-एमएन जोशी, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी

Related Articles

Back to top button