उत्तराखंडदेश-विदेशयूथ कार्नरशिक्षा

उत्तराखंड के बनबसा में अग्निवीर भर्ती रैली नवंबर में, 12 जुलाई को निकला था परीक्षा परिणाम

पिथौरागढ़ , 23 सितंबर, 26. पिथौरागढ़ और चंपावत जिले के युवाओं के लिए अग्निवीर भर्ती 2027 का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। आर्मी भर्ती कार्यालय (एआरओ) पिथौरागढ़ की ओर से जारी सूचना के अनुसार आनलाइन कामन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) में सफल अभ्यर्थियों की भर्ती रैली 23 से 29 नवंबर तक मिलिट्री स्टेशन बनबसा में आयोजित की जाएगी।

12 जुलाई को घोषित किया गया था परीक्षा परिणाम
आर्मी भर्ती कार्यालय पिथौरागढ़ के निदेशक कर्नल अमोल दबड़घाव ने बताया कि एक से 12 जून 2026 तक हल्द्वानी में आयोजित सीईई में सफल रहे अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षा का परिणाम 12 जुलाई को घोषित किया गया था और अब भर्ती रैली की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

कर्नल अमोल ने अभ्यर्थियों से शैक्षिक प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, अविवाहित होने का प्रमाण पत्र, पुलिस सत्यापन, शपथ पत्र, एनसीसी प्रमाण पत्र, संबंधी होने का प्रमाण पत्र सहित सभी जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखने को कहा है। साथ ही पासपोर्ट साइज फोटो भी साथ रखने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि भर्ती से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या के समाधान के लिए अभ्यर्थी आर्मी भर्ती कार्यालय के हेल्पलाइन नंबर 7668564153 पर संपर्क कर सकते हैं। जरूरत पड़ने पर भर्ती कार्यालय पहुंचकर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

फरवरी-मार्च के बजाय नवंबर में होगी भर्ती
आमतौर पर अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन फरवरी और मार्च में किया जाता रहा है, लेकिन इस बार भर्ती कार्यक्रम नवंबर में तय किया गया है। ऐसे में सीईई में सफल युवाओं को शारीरिक और दस्तावेजी तैयारियों के लिए अतिरिक्त समय मिल सकेगा।

Related Articles

Back to top button