उत्तराखंडदेश-विदेशपर्यटनबड़ी खबरशिक्षासामाजिकस्वास्थ्य

बर्फ की सफेद चादर में लिपटी बाबा केदार की नगरी, बदरीनाथ और गंगोत्री धाम में भी सीजन की पहली बर्फबारी

रुद्रप्रयाग, 29 अक्टूबर, 26. विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में एक बार फिर बर्फबारी होने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है. धाम की ऊंची पहाड़ियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गई हैं, जिससे पूरा क्षेत्र बर्फीली वादियों में तब्दील नजर आ रहा है. बर्फबारी से जहां बाबा केदार के दर्शनों के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं के चेहरे खिल उठे हैं, वहीं तापमान में गिरावट के चलते उन्हें कड़ाके की ठंड का सामना भी करना पड़ रहा है. श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से धाम में अलाव की व्यवस्था की गई है.

गुरुवार सुबह से ही रुद्रप्रयाग जनपद में मौसम ने करवट बदली. जिले के कई क्षेत्रों में बारिश होने लगी, जबकि केदारनाथ धाम समेत ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया. तीन दिन पहले भी धाम में बर्फबारी हुई थी. अब दोबारा बर्फ गिरने से ठंड और बढ़ गई है. धाम की पहाड़ियों पर चारों ओर बर्फ नजर आ रही है. बदलते मौसम के बीच यहां पहुंच रहे श्रद्धालुओं को ठंड से बचाव के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ रही है.

श्रद्धालुओं को सतर्कता बरतने के निर्देश


केदारनाथ धाम में मौसम के लगातार बदलते मिजाज को देखते हुए प्रशासन श्रद्धालुओं से सतर्कता बरतने की अपील कर रहा है. यात्रा पर आने वाले यात्रियों को गर्म कपड़े, जैकेट, दस्ताने, टोपी और आवश्यक दवाइयां साथ रखने की सलाह दी जा रही है, ताकि ठंड के कारण किसी तरह की परेशानी न हो. जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि केदारनाथ यात्रा पर आने से पहले मौसम की स्थिति और संबंधित विभागों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी अवश्य लें.

बदरीनाथ धाम की चोटियों पर बर्फबारी
चमोली जनपद में बृहस्पतिवार सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला नजर आया. बदरीनाथ धाम की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई है. जिससे पूरा क्षेत्र सर्द हवाओं की चपेट में आ गया है. भगवान बदरी विशाल के धाम में नर-नारायण पर्वत की चोटियों पर बर्फ की सफेद चादर बिछने से नजारा बेहद मनमोहक हो गया. धाम पहुंचे श्रद्धालु बर्फ से ढकी चोटियों को देखकर मंत्रमुग्ध नजर आए.

गंगोत्री धाम में सीजन की पहली बर्फबारी
उत्तराखंड में मॉनसून के विदाई होते ही पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है. आज 29 अक्टूबर को कई पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी दर्ज की गई. केदारनाथ धाम के बाद गंगोत्री में भी बर्फबारी देखी गई. इससे दोनों धामों में मौसम सुहावना हो गया. साथ ही तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है. धामों में पहुंचे श्रद्धालुओं को भी सीजन की पहली बर्फबारी का लुत्फ उठाने को मिल रहा है.

चारधाम में से गंगोत्री धाम में गुरुवार सुबह मौसम ने करवट बदली और सुबह करीब दस बजे से बर्फबारी शुरू हो गई. गंगोत्री धाम के साथ ही गोमुख ट्रैक और आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी तेज बर्फबारी होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई. वहीं, निचले इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रहने से ठंड बढ़ गई है. अचानक बदले मौसम के बीच गंगोत्री धाम पहुंचे तीर्थयात्रियों को बर्फबारी का दीदार करने का मौका मिला. बर्फ के फाहे गिरते देख श्रद्धालु उत्साहित नजर आए और उन्होंने इस खूबसूरत नजारे का आनंद लिया.

मौसम विभाग का अलर्ट, अगले 24 घंटे भारी
उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट बदल ली है. देहरादून मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश, बर्फबारी और तेज अंधड़ को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं करीब 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है. प्रदेश के देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जनपदों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है. इसके साथ ही झोंकेदार हवाएं (अंधड़) (30-40 किमी/घंटा) की रफ्तार से चल सकती हैं. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है.

Related Articles

Back to top button