बाबा केदार के दर्शन को पहुंचे उद्योगपति अडानी, सोनप्रयाग-केदारनाथ प्रस्तावित रोपवे का किया सर्वे

रुद्रप्रयाग, 1 मई। हिमालय की गोद में बसे विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में इन दिनों आस्था, विश्वास और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है. 30 अप्रैल तक ढाई लाख के करीब श्रद्धालु केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं. पिछले दिनों सिंगर कैलाश खेर समेत अनेक सेलिब्रिटी और उद्योगपति भी केदारनाथ धाम के दर्शन करने आ चुके हैं. शुक्रवार 1 मई को देश के प्रसिद्ध उद्योगपति गौतम अडानी केदारनाथ धाम पहुंचे. उन्होंने वहां बाबा केदार के दर्शन किये और विशेष पूजा-अर्चना कर देश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उनकी पत्नी भी उनके साथ मौजूद रहीं। वीआईपी आगमन को देखते हुए केदारनाथ धाम क्षेत्र में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन अलर्ट रहा।
केदारनाथ धाम के दर्शन करने पहुंचे उद्योगपति गौतम अडानी

जानकारी के अनुसार अडाणी ग्रुप के संस्थापक एवं चेयरमैन गौतम अडाणी पत्नी प्रीति अडानी के साथ शुक्रवार सुबह दिल्ली से देहरादून पहुंचे. इसके बाद वह निजी हेलीकॉप्टर से केदारनाथ धाम पहुंचे. धाम पहुंचकर उन्होंने बाबा केदार की विशेष पूजा-अर्चना की. उद्योगपति दंपति ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया. उन्होंने देश और प्रदेश की समृद्धि, शांति, विकास एवं जनकल्याण की कामना करते हुए विशेष प्रार्थना की.
बीकेटीसी ने गौतम अडानी का स्वागत किया

केदारनाथ धाम में उनके आगमन पर मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं में भी उन्हें देखने की उत्सुकता साफ नजर आई. मंदिर समिति एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया. इस अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही और यात्रा प्रबंधन पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित होता दिखा. प्रशासन द्वारा वीआईपी मूवमेंट के बावजूद आम श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे दर्शन व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई.
चार दशकों की इस यात्रा में प्रीति का साथ मेरे लिए केवल जीवन का संबल नहीं, बल्कि हर चुनौती में एक शांत शक्ति और हर सफलता में एक विनम्र आधार रहा है। इसके लिए मैं हृदय से उनका आभारी हूं। हमने महादेव से प्रार्थना की कि वह हमारे देश को निरंतर प्रगति, समृद्धि और शक्ति प्रदान करें, और हम सभी को राष्ट्र निर्माण में अपना श्रेष्ठ योगदान देने की प्रेरणा दें।
गौतम अदानी, अदाणी समूह के संस्थापक एवं चेयरमैन
सोनप्रयाग से केदारनाथ तक प्रस्तावित रोपवे का एरियल सर्वे किया
वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित उमेश चंद्र पोस्ती ने बताया कि-आज प्रसिद्ध उद्योगपति गौतम अडानी अपने परिवार के साथ केदारनाथ धाम के दर्शन को आए थे. साथ ही उन्होंने सोनप्रयाग से केदारनाथ तक प्रस्तावित रोपवे का एरियल सर्वे भी किया. बता दें कि रोपवे का जिम्मा अदानी समूह को दिया गया है।
-उमेश चंद्र पोस्ती, वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित, केदारनाथ
प्रस्तावित रोपवे से 36 मिनट में पहुंच जाएंगे केदारनाथ
गौरतलब है कि रोपवे के निर्माण का जिम्मा अदाणी समूह को दिया गया है. सोनप्रयाग से केदारनाथ तक प्रस्तावित लगभग 12.9 किलोमीटर लंबा रोपवे अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (AEL) द्वारा बनाया जा रहा है. यह दुनिया के सबसे ऊंचे लगभग 11,500 फीट और सबसे लंबे रोपवे में से एक होगा. इस रोपवे से केदारनाथ धाम की पैदल 9 घंटे की यात्रा, घटकर सिर्फ 36 मिनट की रह जाएगी.
गौतम अडानी अक्सर महत्वपूर् व्यावसायिक मील के पत्थरों या व्यक्तिगत अवसरों पर देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करते रहे हैं। उनकी यह यात्रा उनकी गहरी धार्मिक आस्था को दर्शाती है और सोशल मीडिया पर भी उनके दर्शन की तस्वीरें काफी चर्चा में हैं।



