उत्तराखंडबड़ी खबरयूथ कार्नरशिक्षासामाजिक

सतपुली के खैरासैंण में महाविद्यालय भवन के लोकार्पण से छात्रों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं : सतपाल

Listen to this article

कोटद्वार, 11 मई। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज तथा धन सिंह रावत ने रविवार को सतपुली के खैरासैंण में नवनिर्मित राजकीय महाविद्यालय भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर दोनों मंत्रियों ने इसे क्षेत्र में उच्च शिक्षा के नए युग की शुरुआत बताते हुए कहा कि अब दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा सुविधाएं अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध हो सकेंगी।

युवाओं के सपनों को उड़ान देने का प्रयास है सुसज्जित महाविद्यालय का भवन
समारोह को संबोधित करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि यह केवल एक भवन का उद्घाटन नहीं, बल्कि क्षेत्र के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि वर्षों से पहाड़ के विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित महाविद्यालय भवन बनने से छात्र-छात्राएं अपने क्षेत्र में रहकर ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे।

सतपाल महाराज ने विद्यार्थियों से संस्थान को ज्ञान का केंद्र बनाने का आह्वान
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” की भावना के साथ विकास कार्यों को धरातल पर उतार रही है। महाविद्यालय में अत्याधुनिक कक्षाएं, विज्ञान प्रयोगशाला, कंप्यूटर लैब और पुस्तकालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी। उन्होंने शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत, विभागीय अधिकारियों एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए शिक्षकों और विद्यार्थियों से इस संस्थान को ज्ञान का केंद्र बनाने का आह्वान किया।

इस दौरान धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को भी शहरों जैसी शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महाविद्यालयों में आधुनिक कक्षाएं, विज्ञान प्रयोगशालाएं, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय और डिजिटल शिक्षण सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने नई शिक्षा नीति के तहत रोजगारपरक एवं कौशल आधारित शिक्षा पर विशेष ध्यान दिए जाने की बात कही।

सतपुली झील के निर्माण कार्यों का भी किया निरीक्षण
इसके बाद कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने सतपुली झील निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सतपुली नगर पंचायत क्षेत्र में करीब 56 करोड़ रुपये की लागत से बहुप्रतीक्षित झील का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। झील निर्माण पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय व्यापार और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

इस अवसर पर उच्च शिक्षा निदेशक बी.आर. खाली, महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. संजय, सचिव बृजमोहन, राकेश नैथानी, सर्वेन्द्र सिंह, पंकज डोबरियाल, गणेश रावत, अंकित ठाकुर और सुरेन्द्र बिष्ट सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button