
पौड़ी गढ़वाल, 9 जुलाई, 26. उत्तराखंड में आफत की बारिश ने हाहाकर मचा रखा हैं. खासकर पहाड़ी जिलों में हो रही बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो चुका हैं. मौसम विभाग ने दस जुलाई को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया. मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए हरिद्वार, पिथौरागढ़, नैनीताल, चमोली, देहरादून और पौड़ी गढ़वाल जिले में कल शुक्रवार 10 जुलाई को कक्षा एक से लेकर 12वीं तक के सभी स्कूलों की छुट्टी का आदेश जारी किया है.
जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार शुक्रवार, 10 जुलाई को जनपद के सभी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि संभावित भारी बारिश, आकाशीय बिजली तथा नदी-नालों और गदेरों में जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के दृष्टिगत यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और गदेरों के समीप न जाएं तथा प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें। इसके अलावा जिलाधिकारी देहरादून डॉ आशीष चौहान ने जनपद के कक्षा 1 से 12 तक संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय व निजी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में दिनांक 10 जुलाई 2026 को एक दिवस का अवकाश घोषित किया गया है.

34 सड़कें अब भी बंद, कई मार्गों पर यातायात ठप
लगातार हो रही बारिश के कारण जनपद पौड़ी गढ़वाल में सड़कें बंद होने का सिलसिला जारी है। गुरुवार सुबह 10:45 बजे तक की रिपोर्ट के अनुसार जनपद में 34 सड़कें बंद हैं, जिनमें राज्य राजमार्ग, प्रमुख जिला मार्ग, मोटर मार्ग तथा पीएमजीएसवाई सड़कें शामिल हैं।
बंद सड़कों में सतपुली–दूधारखाल–धारकोट–सिलसाड़ी मोटर मार्ग, नालीखाल–नौखाल–पोखरीखेत मार्ग, पौड़ी–देवप्रयाग राज्य मार्ग, पोखर–खुरखट्टा मोटर मार्ग, पौंटा साहिब–बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के एक हिस्से सहित कई अन्य ग्रामीण संपर्क मार्ग शामिल हैं। इन मार्गों के बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हुआ है। लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई की टीमें जेसीबी एवं मशीनों की सहायता से मलबा हटाकर मार्ग खोलने में जुटी हैं। विभाग ने मौसम को देखते हुए यात्रियों से आवश्यक होने पर ही यात्रा करने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
प्रशासन का कहना है कि मौसम अनुकूल होते ही सभी बंद मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर खोलने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं लोगों से संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की भी अपील की गई है।



